शुक्रवार, 1 जून 2018

आगामी 15 साल भी विपक्ष में ही बैठेंगे कांग्रेसी-डॉ. रमन, कहा-अभूतपूर्व स्वागत से विकास यात्रा मेेरे लिए बनी तीर्थ यात्रा

राजेंद्र राठौड़@जांजगीर-चांपा. जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ में चहुंओर विकास हो रहा है। केन्द्र और राज्य की योजनाओं से गरीब, किसान और सभी वर्ग के लोगों के चेहरे खिल उठे हैं, फिर भी कांग्रेसियों को विकास नजर नहीं आ रहा है। वे विकास खोजने निकल रहे हैं। वास्तव में कहा जाए तो पूरे छत्तीसगढ़ में विकास यात्रा को जिस प्रकार अभूतपूर्व सफलता मिल रही है, उससे तय है कि आगामी 15 साल भी कांग्रेसी विपक्ष में ही बैठेंगे। प्रदेशवासियों ने हमारी विकास यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत कर इसे तीर्थ यात्रा बना दिया है। 

ये बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह विकास यात्रा के तहत शुक्रवार की शाम यहां पहुंचे थे। उन्हें देखने और सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था। सभी वर्ग के लोगों से खचाखच भरे आमसभा स्थल के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि उन्होंने इस विकास यात्रा की शुरूआत तपती गर्मी में माता दंतेश्वरी की नगरी दंतेवाड़ा से की, फिर भी उनकी इस यात्रा को अपार जनसमर्थन मिला। लोगों ने इस विकास यात्रा का जिस तरह जगह-जगह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया, वह अविस्मरणीय है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने कहा कि जैसी भीड़ दंतेवाड़ा की विकास यात्रा एवं आमसभा में थी, उतनी ही भीड़ आज जांजगीर-चांपा जिले में देखने को मिल रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी की सरकार से न केवल संतुष्ट है, बल्कि यह पार्टी आज उनके दिलों में रच-बस गई है। उन्होंने आगे कहा कि जांजगीर प्रसिद्ध नगरी है, जिसकी पहचान राजा जाज्वल्यदेव से है। यह प्रदेश की संस्कारधानी भी है, क्यों कि यहां पंडित मुकुटधर पांडेय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैरिस्टर ठा. छेदीलाल जैसी विभूतियों ने जन्म लिया है। कृषि और ऋषि संस्कृति के साथ ही अब इस जिले की पहचान पूरे देश में औद्योगिक जिले के रूप में बनने लगी है। उन्होंने कहा कि इस मंच से आज वे करीब 250 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं। वहीं 1700 करोड़ का धान बोनस इस जिले के 1 लाख 32 हजार अन्नदाताओं को मिल रहा है, जो हम सबके लिए बड़ी खुशी की बात है। 

डॉ. रमन ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले में धान का सर्वाधिक उत्पादन होता है, इसलिए यहां के किसानों को सर्वाधिक बोनस भी मिलता है। उन्होंने कहा कि भले ही आपको यह बात मालूम न हो, लेकिन इस जिले समेत छत्तीसगढ़ के किसानों की उपज से आज छह राज्यों के लोगों का पेट भर रहा है। कृषि ही छग के किसानों की ताकत है और यही जिले के किसानों की विशिष्ट पहचान भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हजारों श्रमिकों को तेंदूपत्ता बोनस देने जा रही है। छत्तीसगढ़ में सबके लिए योजनाएं हैं। बेटियों के लिए माता-पिता हर साल 5 हजार रुपए खाते में जमा करते हैं तो 18 साल पूर्ण होने पर उसे एक लाख रुपए मिलता है। ऐसी तमाम योजनाएं हैं, जिसने लोगों का दिल जीता है। डॉ. रमन ने कहा कि विकास यात्रा के तहत अब तक 4 हजार 500 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण हो चुकी है। हर जगह विकास यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत हो रहा है। बुजुर्ग महिलाएं जब आरती करके मुझे आशीर्वाद देतीं है तो ऐसा लगता है कि मानों गंगा नहा लिया। छत्तीसगढ़ में खाद्यान्न सुरक्षा योजना को अभूतपूर्व सफलता मिली है। इस योजना से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं और उन्हें भरपेट भोजन मिल रहा है। हमारी तमाम योजनाएं ऐसी हैं, जो सभी वर्ग के लोगों के हित को सोचकर संचालित की जा रही है। इसके बावजूद कांग्रेसी विकास तलाश रहे हैं। विकास यदि देखना हो तो सडक़ों को देखें। प्रदेशभर में आज सडक़ों का जाल बिछ गया है। मजदूरों के श्रम से प्रदेश आज विकास के नित नए सोपान तय कर रहा है। विकास के लिए करोड़ों की योजनाएं हमारे पास है। जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भय और आतंक का माहौल था। लोगों को काम की तलाश में दीगर राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। आज युवाओं को सर्वाधिक रोजगार छत्तीसगढ़ में मिल रहा है। युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध करवाने कई योजनाएं चलाई जा रही है, ये विकास नहीं तो और क्या है। 

डॉ. रमन ने चुटिले अंदाज में कहा कि कांग्रेस के लोग काफी चतुर हैं। वे विकास का विरोध तो करते हैं, लेकिन हमारी योजनाओं का सबसे पहले लाभ उठाते भी हैं। आज जैसे ही धान बोनस की राशि खातों में पहुंचेगी, कल वे कांग्रेसी ही सबसे पहले बोनस की राशि निकालने बैंक के बाहर नजर आएंगे। डॉ. रमन ने कहा कि इस मंच के माध्यम से यह कहना चाहता हूं कि जिस तरह प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है और लोगों का समर्थन भाजपा सरकार को मिल रहा है, उससे तय है कि आगामी 15 साल भी कांग्रेसी विपक्ष की भूमिका में ही नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि विकास यात्रा के तहत अब तक वे 45 विधानसभा की यात्रा कर चुके हैं। लोगों के उत्साह से यह यात्रा उन्हें तीर्थ यात्रा के समान लग रही है। आमसभा को क्षेत्रीय सांसद कमला पाटले और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण कलेक्टर नीरज कुमार बनसोड़ ने दिया। वहीं आभार प्रदर्शन संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने किया। आमसभा को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिले के प्रभारी मंत्री अजय चंद्राकर, पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत, कमिश्नर टीसी महावर, डीआईजी नेहा चंपावत, एसपी नीतु कमल सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें