गुरुवार, 27 अप्रैल 2017

अब जेल में बंदियों के साथ कानून की पाठ पढ़ेगा ’प्रोफेसर’, लाखों की शराब के साथ गुंबर ग्रुप का मैनेजर गिरफ्तार

हरियाली बार के संचालक प्रकाश राठौर के साथ छिपाकर रखी थी ब्रांडेड शराब

 

जांजगीर-चांपा. शराब भट्ठी के पहलवानों और गद्दीदारों को कुछ समय तक शराब बेचने का पाठ पढ़ाने वाला ’प्रोफेसर’ अब खुद सलाखों के पीछे रहकर जिला जेल में बंदियों के साथ कानून की पाठ पढ़ेगा। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में पुलिस ने शराब कारोबारी मंजीत सिंह गुंबर ग्रुप के मैनेजर प्रोफेसर सिंह को लाखों की शराब के साथ धर-दबोचा है। वह जिला मुख्यालय जांजगीर में स्थित हरियाली बार के संचालक प्रकाश राठौर उर्फ दऊआ के साथ मिलकर पिछले कुछ समय से शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस की टीम ने उनके ठिकाने में दबिश देकर लाखों रूपए की ब्रांडेड शराब बरामद की है। बताया जा रहा है कि उनके ठिकाने से जिन ब्रांडों की शराब जब्त हुई है, वह बड़े अवसरों पर परोसी जाती थी। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। 


जब्त शराब के साथ पुलिस अभिरक्षा में दोनों आरोपी
छत्तीसगढ़ सरकार अपनी शराबबंदी योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से शराब बिक्री और उपयोग को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कोचियों की सक्रियता पाए जाने पर पुलिस कप्तान और थानेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संकेत दिया है। सीएम के फरमान के बाद पुलिस प्रशासन शराब माफियाओं और कोचियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जिले की पुलिस ने शराब तस्करी के एक हाईप्रोफाइल मामले में संलिप्त शराब कारोबारी मंजीत सिंह गुंबर के मैनेजर प्रोफेसर सिंह व उसके एक साथी को बीती रात गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात से शुक्रवार की सुबह तक चली कार्रवाई में पुलिस ने दो महत्वपूर्ण प्रकरण कायम किए हैं। 

जब्त ब्रांडेड शराब
पहली कार्रवाई जिला मुख्यालय जांजगीर के अकलतरा रोड स्थित हरियाली हेरिटेज बार में की गई। छापामार कार्रवाई में पुलिस को यहां से 1057 लीटर बीयर और बेशकीमती ब्रांड के स्कॉच का अवैध भंडार मिला है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने बार संचालक प्रकाश राठौर उर्फ दऊआ के खिलाफ गैर जमानती प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि हरियाली हैरिटेज में शराब संग्रहण का काम शराब कारोबारी मंजीत सिंह गुंबर के मैनेजर प्रोफेसर सिंह के सहयोग से किया जा रहा था। इसके बाद जांजगीर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तथाकथित रसूखदार मैनेजर प्रोफेसर सिंह के निवास में छापामार कार्रवाई की, जहां से महंगे ब्रांड की लाखों रूपए की 17 लीटर शराब बरामद हुई है।

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रोफेसर सिंह के खिलाफ गैर जमानती प्रकरण दर्ज किया है। कोतवाली थाने के निरीक्षक बीएस खुंटिया ने बताया कि दोनों आरोपियों से तकरीबन पांच-छह लाख रूपए की शराब जब्त हुई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कई खुलासे होने की संभावना है।

नवागढ़ में भी दर्ज है गैर जमानती मामला

शराब कारोबारी मंजीत सिंह गुंबर के मैनेजर प्रोफेसर सिंह के खिलाफ जिले के नवागढ़ थाने में भी शराब तस्करी का मामला दर्ज है। हाल ही में नवागढ़ पुलिस ने ग्राम हीरागढ़ में दबिश देकर एक युवक से शराब का जखीरा बरामद किया था। इस मामले में प्रोफेसर सिंह भी संलिप्त है। मामले में कोचिया तो जेल पहुंच गया है, लेकिन प्रोफेसर फरारी काट रहा था, जिसे शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस अफसरों ने दिए थे। बताया जा रहा है कि शराबबंदी के बाद प्रोफेसर सिंह गांव-गांव में कोचिया रखकर पुराने स्टॉक को खपाने की कोशिश कर रहा था। 

धमकी और फिरौती के मामले भी दर्ज

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रोफेसर सिंह के खिलाफ जिले के डभरा सहित कई थानों में धमकी और फिरौती के मामले दर्ज हैं। प्रोफेसर सिंह प्रदेश के रसूखदार शराब ठेकेदार मंजीत सिंह गुंबर का मैनेजर है। जांजगीर और कोरबा जिले में फैले गुंबर के शराब और अन्य कारोबार को वह पिछले 15 वर्षों से देख रहा था। प्रोफेसर के रसूख के चलते पुलिस लम्बे समय से कार्रवाई करने से बच रही थी। सूत्रों की माने तो ताजा घटनाक्रम में कार्रवाई को शिथिल करने पुलिस कप्तान पर प्रदेश के कई प्रभावशाली व्यक्तियों ने दबाव बनाया। बावजूद इसके, पुलिस कप्तानयादव ने न केवल झुकने इंकार किया बल्कि, प्रोफेसर सिहं के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की।

अब टूटने लगा कोचियों का मनोबल

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शराब के अवैध कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने का निर्देश प्रदेश भर के पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारियों को दिया है। इसके चलते प्रदेश की जनता खासतौर पर महिलाओं ने राहत की सांस ली है। धीरे-धीर लोगो को अवैध शराब कोचियों से निजात भी मिलने लगी है। शराबबंदी के बाद से जिले में अवैध शराब के सैकड़ों प्रकरण कायम किए गए हैं, लेकिन ताजा घटनाक्रम में हाई प्रोफाइल प्रकरण सरगना के पुलिस गिरफ्त में आने के बाद कोचियों का मनोबल टूटने लगा है। जिले की जनता शराब तस्कर प्रोफेसर सिंह के खिलाफ कार्रवाई से बेहद उत्साहित है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब की अवैध बिक्री और परिवहन पर जल्द ही पूर्णतया शिकंजा कस लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें