जांजगीर-चाम्पा. ग्राम सिल्ली में एक नाबालिग किशोरी की शादी के लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई थी। रविवार की शाम बारात आने वाली थी, लेकिन ऐनवक्त पर महिला डीएसपी की समझाइश पर नाबालिग की शादी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के मुलमुला थाना अंतर्गत ग्राम सिल्ली में एक नाबालिग किशोरी की शादी 30 अप्रैल को होनी थी। शादी के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। किशोरी के परिजन बारात के स्वागत के इंतजार में थे, तभी शादी की खबर पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी रुकवाने की ठानी। प्रशिक्षु महिला डीएसपी रश्मित कौर चावला ने वरिष्ठ अफसरों को तत्काल मामले से अवगत करवाकर उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।वरिष्ठ अफसरों के निर्देश पर वे अपनी टीम लेकर सीधे ग्राम सिल्ली पहुंची।
उनके साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी मीरा घाडगे भी थी। वहां उन्होंने किशोरी के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की, तब पता चला कि किशोरी को बालिग होने में एक माह कम है। वर्तमान में उसे 17 वर्ष 11 माह हो रहे हैं। पूछताछ के बाद प्रशिक्षु डीएसपी चावला ने किशोरी के परिजनों को समझाईश दी और 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद विवाह कराने को कहा।
उनकी समझाईश पर किशोरी के परिजन सहमत हुए और उन्होंने निर्धारित उम्र पूरी होने के बाद अपनी पुत्री की शादी कराने का आश्वासन दिया। इस तरह पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग के अफसरों की पहल पर एक नाबालिग की शादी होते-होते टल गई।इस दौरान सिल्ली के सरपंच और कोटवार भी मौके पर उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें