बुधवार, 26 अप्रैल 2017

नरियरा के संजय नगर भाठापारा में भारी वाहन ने ट्रांसफार्मर को मारी टक्कर, दोनों में लगी आग


जांजगीर-चांपा. संजय नगर भाठापारा नरियरा में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को एक भारी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रांसफार्मर और वाहन में आग लग गई। वाहन और ट्रांसफार्मर में लगी आग पर दो दमकल की मदद से काबू पाया जा सका। पुलिस ने दुर्घटनाकारित भारी वाहन को अपने कब्जे में लिया है।

प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला ने बताया कि बीती रात करीब तीन बजे मुलमुला पुलिस थाने में सूचना मिली कि ग्राम नरियरा के संजय नगर भाठापारा में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को एक भारी वाहन ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव से दिशा-निर्देश लिया और अपने स्टॉफ के साथ घटना स्थल रवाना हुई। वहां वाहन क्रमांक सीजी 08, एल 2476 टाटा 1109 के चालक ने तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त किया था। घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक दुर्घटनाकारित वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया था। 

ट्रांसफार्मर और वाहन में भीषण आग लगी हुई थी, जिस पर वर्धा पावर प्लांट नरियरा एवं लाफार्ज से दमकल बुलवाकर काबू पाया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर और वाहन जल गया था। आग बुझाने के बाद वर्धा पॉवर प्लांट से क्रेन बुलवाकर दुर्घटनाकारित वाहन को थाना लाया गया। मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ भादवि की धारा 279 तथा 139 विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें