बुधवार, 26 अप्रैल 2017

सोशल मीडिया पर एसपी ने दिया निर्देश, थानों के सामने धड़ाधड़ खुले प्याऊ घर, पुलिस प्रशासन ने की सराहनीय पहल

जांजगीर-चांपा. जिले में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने निवास के सामने गर्मी में प्यासे राहगीरों के पीने के लिए ठंडा पानी की व्यवस्था कराई है, जिसका फोटो खींचकर एक पत्रकार द्वारा सोशल मीडिया में डाला गया। वहीं जिले के सभी थाना एवं चौकियों के सामने इसी तरह की व्यवस्था बनाए जाने का सुझाव दिया गया। सुझाव के बीस मिनट बाद एसपी ने सोशल मीडिया पर ही सभी थाना प्रभारियों को ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद जिले के सभी थाना एवं चौकियों के सामने प्याऊघर खुलने प्रारंभ हो गए।

जिले की पुलिस भीषण गर्मी में राहगीरों के पीने के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था कराएगी। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने अपनी ओर से अपने निवास के सामने मटके में ठंडा पानी रखकर इसकी शुरूआत कर दी है। वहीं सोशल मीडिया में एसपी के द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किए जाने के बाद थाना प्रभारियों के द्वारा भी राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक यादव द्वारा राहगीरों को गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए अपने निवास के सामने ही वृक्ष के नीचे एक टेबल के ऊपर मटका रखकर पीने के लिए ठंडा पानी रखा गया है। 

पुलिस द्वारा पत्रकारों को खबर उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए ग्रुप मीडिया एंड पुलिस जांजगीर में उसका फोटो खींचकर एक पत्रकार ने इसकी जानकारी दी। वहीं उन्होंने सलाह भी दी की संभव हो तो जिले के सभी थानों के बाहर भी ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए। पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक के प्रशंसनीय पहल का स्वागत किया तो वहीं सुझाव पर अमल करते हुए पुलिस अधीक्षक यादव ने गु्रप में ही सभी थाना प्रभारियों को इस तरह की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश का पालन करते हुए सभी थाना प्रभारी ठंडे पानी के लिए मटके की व्यवस्था में जुट गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें