बुधवार, 5 जुलाई 2017

गुरू पूर्णिमा पर अघोर आश्रम में होंगे विविध आयोजन, आरती, पूजन एवं संकीर्तन के साथ होगा गरीबों को वस्त्र वितरण

जांजगीर-चांपा. अघोरपीठ जनसेवा अभेद आश्रम पोड़ीदल्हा अकलतरा में 9 जुलाई को गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अघोरपीठ जनसेवा अभेद आश्रम ट्रस्ट इस आयोजन की तैयारी में जुटा हुआ है। गुरूपूर्णिमा पर हर साल की तरह इस बार भी सैंकड़ों की तादात में श्रद्धालु पहुंचेंगे। यहां जिले समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए आश्रम परिवार द्वारा आयोजन की तैयारी की जा रही है।

गुरू पूर्णिमा के मौके पर आश्रम में धर्म-कर्म के कई काम होंगे। नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और दवा का वितरण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। जरूरतमंदों को कपड़े बांटे जाएंगे। आरती, पूजन और संकीर्तन भी होगा। इसके साथ ही भक्त गुरूपीठ का दर्शन पूजन कर सुख शांति और समृद्धि की कामना करेंगे। आश्रम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आरंभ सुबह 7 बजे पौधरोपण से होगा। सुबह 8 से 9 बजे तक आरती, पूजन और संकीर्तन होगा। इसके बाद 9 बजे से भक्तगण गुरू दर्शन करेंगे। वस्त्र वितरण कार्यक्रम सुबह 11 बजे और प्रसाद वितरण दोपहर एक बजे से होगा। शाम 4 बजे से पूज्य कपालिक बाबा आशीर्चन देंगे। इसके बाद 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। गुरू पूर्णिमा महोत्सव के दिन सुबह 11 बजे से आश्रम परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। शिविर में लोगों का परीक्षण कर दवा दी जाएगी। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक सेवा देंगे। अघोर आश्रम पोड़ीदल्हा में गुरूपूर्णिमा पर क्षेत्र भर के लोग कपालिक बाबा का आर्शीवाद लेने पहुंचेंगे। आश्रम परिवार इस आयोजन की तैयारी में जुटा हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें