अकलतरा. भारतीय संस्कृति में दान देने की गौरवशाली परंपरा रही है। पहले लोग अपनी आय का एक निश्चित हिस्सा सार्वजनिक हित में खर्च किया करते थे, पर अब यह परंपरा खत्म होती जा रही है। ये बातें छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने विकासखण्ड मुख्यालय अकलतरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने इस दौरान तीन करोड़ 43 लाख रुपए के पांच विकास कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होंने तीन विकास कार्यो का भूमिपूजन भी किया।
लोकार्पित विकास कार्यो में एक करोड़ की लागत से निर्मित स्व. योगेश सिंह स्मृति सांस्कृतिक भवन, एक करोड़ 67 लाख रुपए लागत का स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मार्ग, वार्ड क्रमांक 13 में 26 लाख 95 हजार का ओवरहेंड टैंक और वार्ड क्रमांक 19 तथा 13 में दो एसएलआरएम सेंटर (प्रति सेंटर लागत 24 लाख 78 हजार) का निर्माण कार्य शामिल है। उन्होंने शहीद बजरंग चौक से रेलवे स्टेशन अकलतरा और बजरंग चौक से मुक्तिधाम तक बीटी सडक़ निर्माण तथा भक्त माता कर्मा चौक निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद कमला देवी पाटले, संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, विधायक चुन्नीलाल साहू विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर स्व. योगेश सिंह स्मृति सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की आसंदी से आम नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्वजों द्वारा लगाए वृक्षों से आज हमें ऑक्सीजन मिल रही है। उन्होंने घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाकर जल संरक्षण के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरूषों का उल्लेख करते हुए उनकी जीवनी से प्रेरणा प्राप्त करने की बात कही।
कार्यक्रम को लोकसभा सांसद कमलादेवी पाटले, विधायक चुन्नीलाल साहू, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष खुलन सोनवानी ने भी संबोधित किया। लोगों की मांग पर विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि अकलतरा से अमोरा तक 9 किलोमीटर सडक़ निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दिलाई जाएगी। जिला खनिज मद से पुरैना तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। आमजन की मांग पर अग्रवाल ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को माह में दो दिन अकलतरा आकर उस क्षेत्र के राजस्व प्रकरणों को निराकृत करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अग्रवाल ने सामुदायिक भवन के लिए जमीन दान देने वाले स्व. डॉ. राममिलन सिंह की पत्नी सूरजलता देवी सिंह को नमन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। सूरजलता देवी को मंच में सभी अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने महान विभूतियों-रानी दुर्गावती, शहीद हुसैन, विद्यासागर के नाम पर अकलतरा शहर के विभिन्न मार्गो का नामकरण किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर अकलतरा स्वीमिंग पुल का भी नामकरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मेघाराम साहू, पूर्व विधायक सौरभ सिंह एवं जवाहर दुबे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अजय उरांव, नगर पालिका परिषद के सीएमओ खजांची कुम्हार, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें