शनिवार, 24 मार्च 2018

दीप्ति बिल्डर्स एण्ड कॉलोनाइजर ने नक्शा पास कराया न डायवर्सन, कलेक्टोरेट कॉलोनी के आसपास अवैध रूप से मकानों का निर्माण जारी

जांजगीर-चांपा. दीप्ति बिल्डर्स एण्ड कॉलोनाइजर ने कलेक्टोरेट कालोनी के आसपास कई एकड़ जमीन खरीदा है, जिसमें मकानों का निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन सभी प्लाट का डायवर्सन, नक्शा पास कराने आदि की प्रक्रिया पूरी ही नहीं की गई है। इसके बावजूद, अवैध निर्माण जारी है। हद की बात तो यह है कि जिला प्रशासन एवं नगर तथा ग्राम निवेश के अफसर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही करने के बजाय उल्टा उसे प्रश्रय दे रहे हैं।

दीप्ति बिल्डर्स एण्ड कॉलोनाइजर के संचालक धनीराम बंजारे एवं पार्वती बंजारे ने जिला मुख्यालय जांजगीर में मकान निर्माण कराकर कालोनी विकसित करने में मनमानी की सारी हदें पार कर दी है। इस कॉलोनाइजर द्वारा कलेक्टोरेट कॉलोनी के आसपास लंबी-चौड़ी जमीन खरीदकर बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण कराकर कॉलोनी विकसित की जा रही है। मकानों के निर्माण में इस कॉलोनाइजर ने नियम-कायदों की धज्जियां उड़ाने में अब तक कोई कसर नहीं छोड़ी है। कॉलोनाइजर ने न केवल हसदेव विहार पहुंच मार्ग पर अवैध कब्जा किया है, बल्कि कलेक्टर बंगला के ठीक सामने दर्जनों मकानों का अवैध निर्माण भी कराया है। आपको बता दें कि कॉलोनाइजर द्वारा निर्मित एवं निर्माणाधीन मकानों के निर्माण के लिए न तो नक्शा पास हुआ है न ही भूमि का डायवर्सन हुआ है। शासन के नियम-कायदों को ताक पर रखकर कॉलोनाइजर ने उन मकानों का निर्माण कराया है। इसकी पुष्टि नगर एवं ग्राम निवेश के सहायक संचालक कार्यालय में पहुंची शिकायत की जांच के बाद हो चुकी है। इसके बावजूद, दीप्ति बिल्डर्स एण्ड कॉलोनाइजर के खिलाफ न तो नगर एवं ग्राम निवेश के अफसर कार्यवाही कर रहे हैं और न ही जिला प्रशासन सख्त रूख अपना रहा है। 

 

लोगों को इस तरह दिया जा रहा झांसा

जिला मुख्यालय के कलेक्टोरेट कॉलोनी के आसपास आवासीय कालोनी विकसित करने इस कॉलोनाइजर द्वारा जहां नियम-कायदों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। वहीं जमीन एवं मकानों के निर्माण संबंधी सभी जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण होने का झांसा देकर कॉलोनाइजर द्वारा भोले-भाले लोगों को अवैध मकानों को महंगे दामों में बेचा जा रहा है। कॉलोनाइजर के झांसे में आकर मकान खरीदने के बाद लोग जब उसे अपने आधिपत्य में ले रहे हैं, तब उन्हें ठगी का अहसास हो रहा है। कुछ वर्ष के भीतर ही ऐसे दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कॉलोनाइजर की मनमानी एवं गड़बड़ी का खामियाजा मकान खरीदने वाले लोगों को भुगतना पड़ा है। 

 

कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं भी नहीं

दीप्ति बिल्डर्स एण्ड कॉलोनाइजर द्वारा कुछ वर्ष के भीतर कलेक्टोरेट कालोनी के आसपास बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण कराया गया है। कॉलोनाइजर के सैकड़ों मकान बिक चुके हैं, जिसे खरीदने वालों को अब पछताना पड़ रहा है। एक ओर उन्हें जहां जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए विभिन्न दफ्तरों का चक्कर काटना पड़ रहा है। वहीं कॉलोनाइजर द्वारा विकसित की गई कॉलोनी में आवश्यक सुविधाएं भी नहीं है। आलम यह है कि कॉलोनाइजर से मकान खरीदने वाले अधिकांश लोग वर्तमान में बिजली, पानी, नाली और सडक़ की समस्या से परेशान हैं। इसकी शिकायत कॉलोनाइजर के साथ ही जिला प्रशासन के अफसरों तक लगातार पहुंच रही है, बावजूद इसके समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें