गुरुवार, 6 जुलाई 2017

दो प्रहरियों को चकमा देकर जिला अस्पताल से बंदी हुआ फरार, दुष्कर्म के मामले में काट रहा था सजा, इलाज के लिए भर्ती था अस्पताल में

जांजगीर-चांपा. जिला अस्पताल में भर्ती एक बंदी उसकी निगरानी में तैनात दो प्रहरियों को चकमा देकर अस्पताल की ऊपरी बिल्डिंग से कूदकर भाग निकला। दोनों प्रहरी उसे देखते ही रह गए। पुलिस फरार बंदी का अब तक पता नहीं लगा पाई है। मौखिल सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी अलग-अलग दिशाओं में गई हुई है, लेकिन अब तक उसका कहीं पता नहीं चला है। 

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिवनी (चांपा) निवासी उमेश कुमार बरेठ दुष्कर्म के आरोप मेंं विचाराधीन बंदी है। चार जुलाई की रात उसे जेल के भीतर बिच्छू ने डंक मार दिया। जेल प्रशासन ने उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार को डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी थी। छुट्टी के पहले वह अस्पताल का भोजन कर रहा था। वह भोजन को पूरा नहीं कर सका और उसे फेंकने के लिए बाहर निकला। वहीं उसकी निगरानी में तैनात प्रहरी राकेश कुमार व तरूण साहू कमरे में गप्पे मार रहे थे। इस बीच उसने मौके का फायदा उठाया और जिला अस्पताल की ऊपरी बिल्डिंग से कूदकर चंपत हो गया। बंदी को न पाकर प्रहरियों के पांव के नीचे से जमीन खिसक गए। आनन-फानन में उसे खोजने की कोशिश की गई, लेकिन वह मिला नहीं। हालांकि अब तक जेल प्रशासन द्वारा मामले की आधिकारिक सूचना पुलिस विभाग को नहीं दी है, लेकिन मौखिक सूचना पर भागे हुए बंदी की खोजबीन जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें