बम्हनीडीह. शौच के लिए खेत की ओर गई दो महिलाओं पर अचानक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। हमले से दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें बम्हनीडीह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया। एक महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बम्हनीडीह के वार्ड क्रमांक 2 केंवट मोहल्ला निवासी मोहन बाई (20) और फिरतीन बाई (24) गुरूवार को शौच के लिए धरसा किंदारी रोड की तरफ गई हुई थीं। इसी दौरान एक जंगली सूअर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सूअर के हमले से मोहन बाई गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं फिरतीन बाई भी आहत हुई।
दोनों महिलाएं किसी तरह जान बचाकर वहां से भागी, जिन्हें परिजनों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद मोहन बाई की गंभीर हालत को देखते हुए सीएचसी के डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद फिरतीन बाई को छुट्टी दे दी गई। इस घटना से क्षेत्रवासी दहशत में हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें