नोटबंदी के बाद आरबीआई ने नियम में लाई सख्ती, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का मामला
जांजगीर-चांपा. नोटबंदी के बाद आरबीआई ने पैसा निकालने के लिए नियम में सख्ती ला दी है। नए फरमान के चलते जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के खातेधारक बगैर आधार नम्बर के रुपए नहीं निकाल सकेंगे। हालांकि अभी सभी किसानों को राशि दी जा रही है, लेकिन बहुत जल्द यह निर्देश लागू हो जाएगा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अंतर्गत जिले में 126 शाखाएं चल रही है। इन बैंकों में ज्यादातर किसानों के अलावा ग्रामीणों ने भी बैंक अकाउंट खोल रखा है। जिला मुख्यालय के जिला सहकारी बैंक में हजारों खाताधारक हैं। अभी तक केवल 70 प्रतिशत खाताधारकों ने आधार कार्ड लिंक कराए हैं। सभी खाताधारकों का खाता आधार से लिंक कराने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बैंक प्रबंधकों को पत्र भेजा है। इस समय समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से रकम का भुगतान किया जा रहा है। इसके चलते जिला मुख्यालय के जिला सहकारी बैंक के अलावा ब्लॉक मुख्यालय व गांव में स्थित सहकारी बैंकों में भीड़ लगी रहती है। सहकारी बैंकों में 90 प्रतिशत खाताधारक किसान ही हैं। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार हालांकि यह व्यवस्था तत्कालिक रूप में नहीं की जा रही है, लेकिन इस आशय का आदेश कभी भी आ सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें