जैजैपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
जैजैपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 13 फ़रवरी 2018

टेस्ट कापी दिखाने का झांसा देकर छात्रा की मां को बनाया था हवस का शिकार, दो माह से फरार दुष्कर्मी शिक्षक गिरफ्तार

जैजैपुर. नगर पंचायत जैजैपुर में संचालित संस्कार स्कूल में अध्ययनरत् एक छात्रा की मां से दुष्कर्म के मामले में दो माह से फरार चल रहे आरोपी शिक्षक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने टेस्ट कापी दिखाने का झांसा देकर छात्रा की मां को अपनी हवस का शिकार बनाया था। 

शनिवार, 9 दिसंबर 2017

नपं जैजैपुर के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप, फेसबुक प्रोफाइल में डाला फ़र्ज़ी स्टेटस

जैजैपुर. कुर्सी तो चली गई, लेकिन पद का मोह नहीं छूट रहा, यह कहावत नगर पंचायत जैजैपुर के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष पर बिल्कुल फीट बैठ रहा है। सोशल मीडिया में पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष अभी भी खुद को नगर पंचायत जैजैपुर का अध्यक्ष बता रहे हैं, जिस पर नगर के लोगों ने आपत्ति जताते हुए उन पर गुमराह करने का आरोप लगाया है।

मंगलवार, 10 अक्टूबर 2017

OMG! शिक्षाकर्मी के पांच बच्चे, हो सकता है पद से पृथक, दो से अधिक संतान होने पर की गई है सीईओ से शिकायत

जैजैपुर. एक शिक्षाकर्मी की दो से अधिक संतान होने की शिकायत जनपद पंचायत जैजैपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिले के आलाधिकारियों से की गई है। शिकायतकर्ता ने शिकायत के साथ उस शिक्षाकर्मी के दो से अधिक संतान होने का सबूत भी प्रस्तुत किया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत जैजैपुर के सीईओ को तीन दिन के भीतर जांचकर रिपोर्ट भेजने कहा है,  लेकिन जनपद सीईओ ने अब तक जांच रिपोर्ट नहीं भेजी है, जिसके कारण आगे की कार्यवाही अटकी हुई है।

सोमवार, 2 अक्टूबर 2017

नौ सूत्रीय मांगों को लेकर भोथिया से निकली पदयात्रा, सत्याग्रह करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेंगे पदयात्रा में शामिल लोग

जैजैपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पूर्व से प्रस्तावित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर भोथिया से जांजगीर के लिए सत्याग्रह पदयात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई क्षेत्रीय विधायक केशव चन्द्रा, संयोजक रमेश चंद्रा तथा जैजैपुर नगर पंचायत की अध्यक्ष मीना महेंद्र चन्द्रा ने की।

रविवार, 6 अगस्त 2017

झालरौंदा का आंगनबाड़ी भवन जर्जर, भवन के अभाव में घर में हो रहा संचालन

जैजैपुर. ग्राम पंचायत झालरौंदा का आंगनबाड़ी भवन अत्यंत ही जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण दो वर्षों से वहां आंगनबाड़ी संचालित नहीं हो पा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी तरह व्यवस्था करअपने घर से संचालित कर रही है, लेकिन अधिकांश बच्चे दूरी के कारण पहुंच नहीं पा रहे हैं तथा गर्भवती माताएंं एवं  किशोरियां मिलने वाले लाभ से वंचित हो रही हैं।

सोमवार, 24 जुलाई 2017

मछली पकडऩे तालाब में लगाया था करंट, बच्चे की हो गई मौत, हरदीडीह की घटना, करंट लगाने वाला फरार

जैजैपुर. मछली पकडऩे के लिए एक ग्रामीण द्वारा तालाब में लगाए गए करंट की चपेट में आकर सोमवार की सुबह एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब बच्चा नहाने के लिए तालाब के पानी में उतरा, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। घटना जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम हरदीडीह की है।

बुधवार, 21 जून 2017

भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों कटी नाक, निर्दलीय ने मारी बाजी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ समर्थित मीना महेन्द्र चंद्रा नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित

जैजैपुर. नगर पंचायत जैजैपुर में अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार मीना महेन्द्र चंद्रा ने बाजी मार ली है। भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों को करारी शिकस्त देते हुए इन्होंने चुनाव जीतकर उन पार्टियों के दिग्गज नेताओं की नाक काटी है। जैजैपुर उपचुनाव में मिली अपार सफलता से जोगी समर्थक गदगद नजर आ रहे हैं।

शनिवार, 17 जून 2017

किसके सिर पर होगा ताज, फैसला आज, 6338 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग, नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद के लिए होगा मतदान

जैजैपुर. नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 18 जून को मतदान होगा। यहां छह हजार 338 मतदाता पंजीकृत हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद के लिए 18 जून को मतदान होना है। नगर पंचायत उपचुनाव के अंतिम चरण में राष्ट्रीय पार्टी भाजपा व कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी है।

बुधवार, 14 जून 2017

बहु मीना के लिए मांगने आया हूं वोट-अजीत जोगी, जैजैपुर के दशहरा मैदान में जंगी सभा लेकर दिखाई ताकत

जैजैपुर. नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से चुनाव लड़ रही मीना महेन्द्र चंद्रा मेरी बहु है। मैं अपनी बहु के लिए यहां वोट मांगने आया हूं। मुझे उम्मीद है कि जैजैपुर के मतदाता मुझे निराश नहीं करेंगे और बहु मीना को भारी बहुमत से विजयी बनाएंगे। ये बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के सुप्रीमो अजीत जोगी ने बुधवार की दोपहर नगर पंचायत जैजैपुर में आयोजित जंगी सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। 

शुक्रवार, 21 अप्रैल 2017

साहू संघ ने विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री, दानवीर भामाशाह की जयंती पर कई कार्यक्रम आयोजित

जैजैपुर. महान राष्ट्रवीर एवं दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर जिला साहू संघ द्वारा जैजैपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दानवीर भामाशाह के कदमों पर चलते हुए साहू समाज द्वारा जैजैपुर नगर के प्राथमिक शाला थाना स्कूल, प्राथमिक विद्यालय आमापाली एवं प्राथमिक विद्यालय गंजीपारा के कक्षा पहलीं से 5वीं तक अध्ययनरत लगभग 110 छात्र-छात्राओं को पेन, पेन्सिल, कॉपी, स्केल सहित शैक्षणिक सामग्री प्रदान किया गया। साथ ही तीनों विद्यालयों में पंखा एवं दीवार घड़ी भी प्रदान किया गया। 

मोटरसाइकिल रैली के साथ साहू समाज के लोगों द्वारा नगर भ्रमण करके विद्यालयों में शैक्षणिक सामग्री प्रदान करने के बाद शासकीय अस्पताल में मरीजों एवं परिजनों को फल वितरित किया गया। इसके बाद साहू धर्मशाला के सामने आमनागरिकों एवं राहगीरों को नींबू पानी (शरबत) पिलाया गया। थाना स्कूल के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला साहू संघ के अध्यक्ष कंवलधर साहू ने कहा कि साहू समाज का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान है। दानवीर भामाशाह ऐसे महापुरुष हैं, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ  लड़ाई में अपनी जमीन, जायदाद, जेवर, गहने तक बेच दिए। 

इसके पूर्व जिला संगठन सचिव रामनरेश साहू ने बच्चों को दानवीर भामाशाह की जीवनी से अवगत कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ साहू समाज के लोगों द्वारा साहू समाज धर्मशाला में भक्त माता कर्मा के तैल्य चित्र के समक्ष धूप, दीप प्रज्ज्वलित एवं आरती करके किया गया। इस अवसर पर समाज के  जिलाध्यक्ष कंवलधर साहू, जिला महासचिव घनश्याम साहू, जिला उपाध्यक्ष अशोक साहू, जिला उपाध्यक्ष मेम कुमार, संगठन सचिव रामनरेश साहू, जिला सचिव प्रहलाद साहू, सुरेश साहू, धनेश्वर साहू, भोलाशंकर साहू, चक्रधर साहू, महेंद्र चन्द्रा, धनीदास साहू सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

सोमवार, 17 अप्रैल 2017

जनप्रतिनिधियों ने साधी चुप्पी, पत्रकारों ने घेरा बीआरसी दफ्तर

जैजैपुर के बीआरसी दफ्तर में दस लाख का पुराना गणवेश रखे होने का मामला

 

जैजैपुर. स्कूली विद्यार्थियों को बांटे जाने वाले गणवेश के फर्जीवाड़े के मामले में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यही वजह है कि क्षेत्र के पत्रकारों को आगे आना पड़ा है। पत्रकारों ने सोमवार को बीआरसी दफ्तर का घेराव कर हंगामा किया। वे घंटों तक बीआरसी दफ्तर के बाहर नारेबाजी करते बैठे रहे, लेकिन एक भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि उनके आंदोलन को समर्थन देने नहीं पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि जिले के जैजैपुर स्थित राजीव गांधी शिक्षा मिशन के खंड समन्वयक कार्यालय में दस लाख रुपए के पुराने स्कूली गणवेश छिपाकर रखे होने की खबर दो दिन पहले दैनिक नवीन कदम ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन तथा राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अफसर हरकत में आए और वहां डंप गणवेश को वितरण से बचा हुआ बताकर मामले में लीपापोती करने लगे। इसके बाद भी जनप्रतिनिधियों की आंख नहीं खुली। इस मामले को लेकर सोमवार को  प्रेस क्लब जैजैपुर द्वारा तूल दिया गया। प्रेस क्लब के सदस्यों ने बीआरसी दफ्तर का घेराव कर खूब हो-हंगामा किया। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का कहना था कि दफ्तर में दस लाख रुपए का गणवेश डंप है, जिसे चुपचाप खपाने की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर अफसर गोलमोल जवाब दे रहे हैं, जिसके विरोध में उन्हें धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होना पड़ा है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मांग की कि किसी दंडाधिकारी के सामने बीआरसी में डंप गणवेश का पंचनामा तैयार करवाया जाए, ताकि हकीकत सामने आए। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद शिवसैनिकों ने बीआरसी दफ्तर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया, लेकिन क्षेत्र के निर्वाचित एक भी जनप्रतिनिधि वहां नहीं पहुंचे। इस बात को लेकर पत्रकारों में आक्रोश देखा गया।

रविवार, 9 अप्रैल 2017

नवपदस्थ सीईओ अभिलाषा बोली- कोई भी मिल सकता है आम आदमी की तरह

जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर में नवपदस्थ सीईओ से बातचीत

 

जैजैपुर. आम आदमी की तरह कोई भी जनपद कार्यालय में आकर मुलाकात कर सकता है। अपनी समस्या और शिकायत रख सकता है, जिनका यथासंभव समाधान किया जाएगा।

ये बातें जनपद पंचायत जैजैपुर में नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिलाषा पैकरा ने कही। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें यहां का पदभार ग्रहण किए सप्ताह भर हुआ है। इसलिए पहले काम को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ओपन परीक्षा में नकल पर नकेल कसने यथासंभव प्रयास किया जाएगा। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी। कहीं भी शिकायत मिलती है तो त्वरित कार्यवाही की जाएगी। 

सीईओ ने बताया कि उनकी कोशिश यही रहेगी कि क्षेत्र की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि ज्यादा से ज्यादा बैठकों में हिस्सेदारी निभाएं। पति को बैठक में भेजने के बजाय उन्हें स्वयं बैठक में शामिल होने के लिए आग्रह किया जाएगा, ताकि महिला जनप्रतिनिधि आत्मनिर्भर हो सके। ओडीएफ के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत जैजैपुर क्षेत्र के 11 ग्राम पंचायत अभी ओडीएफ हुए हैं। सभी पंचायतों को जल्द ओडीएफ का दर्जा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यह कोशिश की जाएगी कि शौचालय का निर्माण कराने के बाद ग्रामीणजन उसका नियमित उपयोग करें, ताकि प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही योजना सफल हो।

रविवार, 2 अप्रैल 2017

शार्ट सर्किट से लगी आग, 4 वर्षीय बच्चे की मौत

जांजगीर-जैजैपुर. शार्ट सर्किट से आग लगने से एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। आग की चपेट में आकर बच्चे के माता-पिता भी गंभीर रूप से झुलसे हैं।

घटना थाना जैजैपुर अन्तर्गत ग्राम नन्देली की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदेली निवासी जगलाल सौरा अपने परिवार के साथ सोया हुआ था, तभी शार्ट सर्किट से प्लास्टिक के कूलर में आग लग गई।आग की चपेट में आने से जगलाल के 4 वर्षीय बेटे भूपेन्द्र की मौत हो गई। वहीं जगलाल भी आग से लगभग पचास प्रतिशत झुलस गए। आगजनी के चपेट में आकर जगलाल की पत्नी बैजंती बाई भी गम्भीर हालत में है। 

आसपास के लोगों की मदद से दंपति को जैजैपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है।

अवकाश के दिन दफ्तर खोल बीआरसी टटोल रहे थे फाइल, कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार पहुंचे शिक्षा मिशन कार्यालय

बीआरसी पर गणवेश खरीदी से संबंधित फाइलों में हेरफेर करने का लगा आरोप

 

जैजैपुर. राजीव गांधी शिक्षा मिशन के विकासखंड समन्वयक की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल पद पर भेजे जाने का आदेश शनिवार की देर शाम सोशल मीडिया के जरिए जैसे ही आमलोगों तक पहुंचा तो गणवेश घोटाला मामले में शीघ्र कार्यवाही की उम्मीद जगी, लेकिन आदेश की भनक पाते ही दागी बीआरसी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दिए बगैर रविवार को दफ्तर खोल दिया। आरोप है कि बीआरसी ने गणवेश घोटाला मामले से जुड़े कई दस्तावेजों को गायब करवा दिया है। ऐसे में गणवेश घोटाला मामले में अब लीपापोती होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जैजैपुर में पदस्थ बीआरसी जन्मेजय चंद्रा का शनिवार शाम ट्रान्सफर हो गया। शासन से जारी आदेश के तहत उन्हें उनके मूल पद पर भेज दिया गया है। सोशल मीडिया पर आदेश की कापी जैसे ही वायरल हुई तो लोगों को लगा की गणवेश घोटाला में बीआरसी का नाम आने के बाद शायद घोटाले की निष्पक्ष जांच हो सके,  इसीलिए उनको उनके मूल पद पर वापस भेजने का निर्णय लिया गया है, लेकिन रविवार को कुछ लोगों ने स्थानीय पत्रकारों को सूचना दी कि बीआरसी जन्मजय चंद्रा और उनके साथियों द्वारा बीआरसी कार्यालय को खोलकर गणवेश मामले से संबंधित कागजात की हेराफेरी की जा रही है। इससे मीडियाकर्मी हरकत में आए और तत्काल बीआरसी कार्यालय पहुंचे। 

वहां बीआरसी चंद्रा तथा अन्य लोग बैठकर कुछ कागजात टटोल रहे थे। मीडियाकर्मियों ने जब उनसे जानकारी ली तो बीआरसी चंद्रा ने बताया कि उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी के आदेश पर कार्यालय खोला है। बीआरसी चंद्रा के इस जवाब से मीडियाकर्मियों को संदेह हुआ, तब उन्होंने बीईओ बी एक्का से मोबाइल पर संपर्क किया। बीईओ से पूछा गया कि क्या उनके द्वारा बीआरसी कार्यालय खोलने की अनुमति दी गई है, तब बीईओ ने बीआरसी कार्यालय खोलने संबंधी अनुमति नहीं देने की बात कही। ऐसे में मीडियाकर्मियों ने मोबाइल पर कॉल कर कलेक्टर को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। रविवार अवकाश के दिन बीआरसी चंद्रा द्वारा दफ्तर खोले जाने की सूचना पाकर कलेक्टर हरकत में आए और उन्होंने जैजैपुर के तहसीलदार को तत्काल बीआरसी कार्यालय पहुंचकर वस्तुस्थिति का पता लगाने कहा। 

कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार सुनील अग्रवाल बीआरसी कार्यालय पहुंचे और बीआरसी चंद्रा से पूछताछ की। इस दौरान बीआरसी चंद्रा ने तहसीलदार अग्रवाल को गुमराह करने की कोशिश की। वस्तुस्थिति को समझने के बाद तहसीलदार ने बीआरसी कार्यालय में ताला लगवाया और पूरे मामले की रिपोर्ट कलेक्टर को दी। बहरहाल, बीआरसी चंद्रा द्वारा की गई इस हरकत से एक बार जरूर साफ हो गया है कि वे अवकाश के दिन गणवेश घोटाला से संबंधित फाइलों को गायब करने के लिए बीआरसी दफ्तर पहुंचे थे। अब देखना यह है कि इस मामले में कलेक्टर आगे क्या कार्यवाही करते हैं।

शनिवार, 1 अप्रैल 2017

लक्ष्य के बिना सफलता संभव नहीं : विधायक केशव चंद्रा

जैजैपुर विधायक ने बांटी योजना की साइकिल

 

जैजैपुर. दीवान दुर्गेश्वर सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिर्रा में सरस्वती नि:शुल्क साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम जैजैपुर विधायक केशव प्रसाद चंद्रा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत विधायक चंद्रा ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष धूप-दीप प्रज्जवलित कर दी। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रा ने कहा कि छात्राओं के स्कूल आने-जाने के लिए सरकार सरस्वती साइकिल योजना संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को एक लक्ष्य लेकर आगे बढऩा चाहिए। लक्ष्य के बिना किसी भी क्षेत्र में सफलता संभव नहीं है। विधायक चंद्रा ने कहा कि छात्र-छात्रा जिस विषय को चुनते हैं, उसमें उद्देश्य होना चाहिए। बड़े-बड़े लोगों से मार्गदर्शन लेना चाहिए, लेकिन जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम करना अनिवार्य है। बिना परिश्रम के जीवन सफलता नहीं मिल सकती। 

विधायक चंद्रा ने आगे कहा कि विकास का एक ही उद्देश्य है शिक्षा। वर्तमान दौर में बच्चों को टीवी सीरियल देखने में ज्यादा रुचि होती है। इसलिए पालकों को बच्चों पर विशेष ध्यान रखना चाहिए। विधायक चंद्रा ने इस दौरान छात्राओं को सरस्वती योजना की साइकिलों का वितरण किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

गुरुवार, 30 मार्च 2017

जैजैपुर में ओपन स्कूल की "ओपन परीक्षा", गाइड और कुंजी लेकर पहुंचे परीक्षार्थी

केन्द्राध्यक्ष ने परीक्षार्थियों को दी नकल करने की पूरी छूट

 

जैजैपुर. छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल की परीक्षा में एक बार फिर खुलेआम नकल कराए जाने का मामला सामने आया है। जिले के जैजैपुर स्थित परीक्षा केन्द्र में ओपन स्कूल की ओपन परीक्षा चल रही है। गुरूवार को आलम यह रहा कि यहां से कक्षा बारहवीं की परीक्षा में शामिल हुए परीक्षार्थियों ने जमकर नकल किया। सभी परीक्षार्थी गाइड और कुंजी लेकर परीक्षा देने बैठे थे, जिन्हें केन्द्राध्यक्ष ने नकल करने की पूरी छूट दी।

दरअसल, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा ओपन स्कूल की परीक्षाएं ली जा रही है। इसके लिए जिले के सभी विकासखंडों में परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। गुरूवार को कक्षा बारहवीं की परीक्षा आयोजित थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के जैजैपुर स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा में शामिल हो रहे शत-प्रतिशत परीक्षार्थी गाइड और कुंजी लेकर केन्द्र पहुंचे हुए थे, जिन्हें नकल सामग्री के साथ परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने से केन्द्राध्यक्ष ने नहीं रोका। बताया जा रहा है कि इस परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों ने जमकर नकल की।
 

तहसीलदार ने मारा छापा

परीक्षा के अंतिम समय में इसकी शिकायत जैजैपुर के तहसीलदार सुनील अग्रवाल तक पहुंची, तब वे आनन-फानन में परीक्षा केन्द्र पहुंचे और करीब दो दर्जन परीक्षार्थियों का उन्होंने नकल प्रकरण कायम किया। तहसीलदार ने जब परीक्षा केन्द्र में छापा मारा तो वहां से कई बाल्टियां नकल सामग्री बरामद हुई। इस बात को लेकर तहसीलदार ने केन्द्राध्यक्ष को जमकर फटकारा तथा इस पूरे मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देने की बात कही। इसी तरह की स्थिति डभरा विकासखंड क्षेत्र के कई परीक्षा केन्द्रों में रही। इन केन्द्रों में भी जमकर नकल हुआ।

मंगलवार, 28 मार्च 2017

छह एकड़ का पैरा जलकर खाक, दस हजार का नुकसान

जैजैपुर. ग्राम तुषार के आश्रित ग्राम गलगलाडीह में एक किसान के खलिहान में रखे छह एकड़ के पैरा में अचानक आग लग गई। इस घटना में करीब दस हजार रुपए का पैरा जलकर खाक हो गया। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गलगलाडीह निवासी नागेशर चंद्रा ने धान मिंजाई कर छह एकड़ के पैरा को अपने खलिहान में एकत्रित कर रखा था, जिसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा पैरा जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने पर नागेश्वर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा, तब तक पैरा राख में तब्दील हो चुका था। लोगों का मानना है कि किसी किसान ने अपने खेत के पैरा को जलाया होगा, जिसकी लपटें फैलकर नागेश्वर के खलिहान तक पहुंच गई होगी। आगजनी की घटना से नागेश्वर को करीब दस हजार रुपए का नुकसान हुआ है।