रविवार, 16 जुलाई 2017

कार में 60 किलो गांजा परिवहन कर रहे दो तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से की जा रही थी तस्करी, पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई

पामगढ़. सफेद रंग की सेन्ट्रो कार में ओडिशा से गिधौरी, शिवरीनारायण होते हुए बिलासपुर की ओर गांजा तस्करी कर रहे दो तस्करों को पामगढ़ पुलिस ने 60 किलो गांजा के साथ पकडऩे में सफलता हासिल की है। पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ के परिवहन व बिक्री पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।

एसएसपी ने शिवरीनारायण, पामगढ़ क्षेत्र से सरहदी जिला बलौदाबाजार तथा बिलासपुर के जंगल के रास्तों पर विशेष निगाह रखने के लिए कहा था। रविवार 16 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की एक सेन्ट्रो कार क्रमांक सीजी 14, बी 3105 में सरसिवा थाना अंतर्गत ग्राम धनगांव निवासी महेन्द्र कपूर निराला अपने एक साथी रविन्दर कुमार कुर्रे के साथ अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा ओडिशा से गिधौरी, शिवरीनारायण होते हुए जोंधरा-बिलासपुर की तरफ लेकर जा रहा है। मुखबिर की सूचना से एसएसपी यादव को अवगत कराकर उनके निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा व उप पुलिस अधीक्षक अशोक शर्मा के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक एमआर मरकाम, प्रधान आरक्षक सरोज पाटले, आरक्षक नारायण भानू, आरक्षक रूद्रनारायण कश्यप, आरक्षक अर्जुन यादव, आरक्षक विजय पटले की दो टीम बनाकर भुईगांव की ओर रवाना किया गया। 

दोनों टीमों ने मुखबिर के बताए हुए स्थान में घेराबंदी कर रखा था। टीम को भुईगांव के घोरी नगर मेन रोड में एक सफेद रंग की सेन्ट्रो कार क्रमांक सीजी 14, बी 3105 भुईगांव बस्ती की तरफ से तेजी से आती दिखी, जिसे सडक़ पर पत्थर डालकर रोका गया। गवाहों के समक्ष पूछताछ करने पर कार में सवार लोगों ने अपना परिचय सरसिवा थाना अंतर्गत ग्राम धनगांव निवासी महेन्द्र कपूर निराला पिता एकादशिया तथा सरसिवा थाना अंतर्गत ग्राम सेन्दुरस निवासी रविन्द्र कुमार पिता सम्मेलाल कुर्रे के रूप में दिया। गवाहों के समक्ष विवेचना कार्रवाई व वाहन की तलाशी लिए जाने पर उनके कब्जे से 60 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा रखना पाया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ओडिशा, गिधौरी, शिवरीनारायण, भुईगांव के जंगल के रास्ते से कार में रखे गांजा को बिलासपुर क्षेत्र के जोधरा में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लाख रुपए कीमती 60 किलो गांजा, गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 14, बी 3105 को जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी कायम करते हुए उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें