चंद्रपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चंद्रपुर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शुक्रवार, 29 सितंबर 2023
आम आदमी पार्टी के नेता बिंदेश राठौर के लेन-देन की आडियो वायरल, चंद्रपुर विधानसभा सीट से टिकट दिलवाने लिए हैं नौ लाख रुपये, सवालों के कटघरे में आई आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली
जांजगीर-चांपा। खुद को इमानदार और बेदाग बताने वाली आम आदमी पार्टी के जांजगीर-चांपा लोकसभा अध्यक्ष बिंदेश राठौर के लेन-देन की आडियो बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने चंद्रपुर विधानसभा सीट से टिकट दिलवाने के एवज में किसी से नौ लाख रूपए लिए हैं। आडियो में इस पूरे लेन-देन का जिक्र है। हालांकि, इस आडियो की पुष्टि ‘नवीन कदम’ नहीं करता है मगर, छह मिनट 40 सेकेण्ड की इस आडियो को आम आदमी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा ही सोशल मीडिया में तेजी से वायरल किए जाने की बात सामने आ रही है। इससे आम आदमी पार्टी के सभी उच्च पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली अब सवालों के कटघरे में आ गई है।
सोशल मीडिया में वायरल आडियो के अनुसार, आम आदमी पार्टी के जांजगीर-चांपा लोकसभा अध्यक्ष बिंदेश राठौर ने चंद्रपुर विधानसभा सीट से टिकट दिलवाने के नाम पर किसी राधेश्याम नामक व्यक्ति से नौ लाख रूपए लिए हैं किन्तु अब तक राधेश्याम की टिकट फाइनल नहीं हुई है, जिससे वह परेशान है। वायरल आडियो के अनुसार, वह पार्टी के जांजगीर-चांपा लोकसभा अध्यक्ष बिंदेश राठौर को अब रकम वापस करने की बात कह रहा है, जिस पर बिंदेश राठौर द्वारा उसे टिकट पक्की कराने का पूर्ण आश्वासन दिया जा रहा है। बातचीत में यह भी सुनाई पड़ रहा है कि रकम दिए जाने के बाद भी टिकट नहीं मिलने से संबंधित व्यक्ति परेशान है और उसे उसके घर के लोग डांट-फटकार लगा रहे हैं तथा पैसे वापस लेने के लिए कह रहे हैं। वहीं लोकसभा अध्यक्ष बिंदेश राठौर उसे टिकट दिलाने का पूर्ण भरोसा दिला रहा है। आडियो के अंतिम में यह भी सुनने को मिल रहा है कि बिंदेश राठौर से प्राप्त आश्वासन से संबंधित व्यक्ति सहमत हो गया है और अपनी टिकट पक्की होने के बाद उसे बकरा भात खिलाने की बात कह रहा है। इस पर लोकसभा अध्यक्ष बिंदेश राठौर उसे फोन पर टिकट को लेकर किसी तरह की लेन-देन की बात नहीं करने कह रहा है तथा यह भी कह रहा है कि वह अभी वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश के अन्य जिलों में दौरे पर है, वहां से जल्द ही चंद्रपुर आकर विस्तृत बातचीत करेगा। फोन पर ज्यादा बातचीत करना उचित नहीं है क्योंकि, उसके फोन की टेपिंग हो रही है। इसलिए, जो भी बात होगी, वह प्रत्यक्ष रूप से आमने-सामने होगी मगर, उसे चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, चंद्रपुर विधानसभा सीट से उसकी टिकट फाइनल है। बहरहाल, इस आडियो की पुष्टि ‘नवीन कदम’ नहीं कर रहा है परन्तु, इस आडियो की हकीकत आखिर क्या है, यह जांच का विषय है।
सोमवार, 21 अगस्त 2017
चित्रोत्पला महानदी में मिल रहा शहर भर की नालियों का गंदा पानी, धार्मिक नगरी चंद्रपुर में स्वच्छता अभियान का बुरा हाल
अजीत पाण्डेय @ चंद्रपुर. राज्य सरकार और केंद्र सरकार एक ओर करोड़ों खर्च कर स्वच्छ भारत मिशन की ढोल पीट रही हैं। वहीं नगरीय निकाय इसके नाम पर हजारों, लाखों खर्च कर रहे हैं। इसके बाद भी नगर पंचायत चंद्रपुर में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। जबकि सरकार द्वारा यह घोषणा किया गया है कि यह अभियान राजनीति के ऊपर है, लेकिन यह अभियान आज इसी राजनीतिक व प्रशासनिक व्यवस्था के लचर हाथों में दम तोड़ रहा है।
मंगलवार, 1 अगस्त 2017
थाना प्रभारी ने बच्चों को दी यातायात नियमों की जानकारी, सशिमं में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चंद्रपुर. नगर में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर प्रबंधन द्वारा कार्यक्रम में चंद्रपुर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को आमंत्रित कर बच्चों को यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बुधवार, 5 जुलाई 2017
शादी के 9 साल बाद भी कोख रही सूनी तो महिला ने लगाई फांसी, चंद्रपुर की घटना, जांच में जुटी पुलिस
चंद्रपुर. शादी के 9 साल बाद भी बच्चा नहीं होने से व्यथित एक महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना नगर पंचायत चंद्रपुर के वार्ड क्रमांक 4 की है। सूचना पर चंद्रपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
मंगलवार, 27 जून 2017
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया चंद्रपुर थाने का निरीक्षण, जवानों की सलामी लेकर थाना प्रभारी को दिए दिशा-निर्देश
चंद्रपुर. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने मंगलवार को चंद्रपुर थाना पहुंचकर वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की सलामी ली तथा थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना परिसर में परेड की सलामी लेने के बाद एसएसपी यादव ने जवानों के किट बॉक्स का निरीक्षण किया, जिसमें निर्धारित रंग खाकी वर्दी की जगह पीले रंग की वर्दी मिली।
शनिवार, 24 जून 2017
उरांव समाज ने किया नगर पंचायत के फैसले का विरोध, क्षेत्रीय विधायक से मुलाकात कर फैसला रद्द कराने की मांग की
जांजगीर-चांपा. नगर पंचायत चंद्रपुर के फैसले का उरांव समाज ने कड़ा विरोध किया है। समाज के लोगों का आरोप है कि उनके समाज के मुक्तिधाम के पास नपं द्वारा कचरा गोदाम बनाया जा रहा है, जिससे आगामी समय में उन्हें असुविधा होगी।
सोमवार, 8 मई 2017
छुमछुम छना नना बाजे मैया पाँव पैजनिया गीत पर झूमे दर्शक, प्रसिद्ध गीतकार शहनाज अख्तर ने शानदार कार्यक्रमों की दी प्रस्तुति
चंद्रपुर. धार्मिक नगरी चंद्रपुर में आयोजित श्री गोपालजी महाप्रभु मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के समापन अवसर पर रविवार की रात प्रसिद्ध गीतकार शहनाज अख्तर ने शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। उनके द्वारा प्रस्तुत गीत ‘छुमछुम छना नना बाजे मैया पाँव पैजनिया’ पर दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम देखने नगर सहित आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
रविवार, 7 मई 2017
मंदिर उद्घाटन करने नहीं, महाप्रभु के दर्शन को आए हैं-बृजमोहन, गोपालजी मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मंत्री अग्रवाल एवं विस अध्यक्ष हुए शामिल
चंद्रपुर. हम नवनिर्मित मंदिर का उद्घाटन करने नहीं, बल्कि महाप्रभु के दर्शन को आए हैं। धार्मिक नगरी चंद्रपुर में गोपालजी महाप्रभु और मां चंद्रहासिनी का वास है, जहां देश भर से श्रद्धालुजन पहुंचते हैं। इसलिए यहां हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आने वाले दिनों में न्यास द्वारा करवाए जा रहे रोपवे निर्माण से नगर को अलग पहचान मिलेगी।
शनिवार, 6 मई 2017
चंद्रपुर में निकाली गई विशाल शोभायात्रा, प्रदेश भर से बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु, गोपालजी मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का समापन आज
चंद्रपुर. धार्मिक नगरी चंद्रपुर के नवनिर्मित गोपालजी मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्ति का प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम बीते एक मई से प्रारंभ हुआ है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें नगर सहित प्रदेश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए।
मंगलवार, 28 मार्च 2017
कलश स्थापना के साथ मां चंद्रहासनी मंदिर में नवरात्रि पर्व शुरू
चंद्रपुर. हिन्दू नववर्ष के प्रथम दिवस चैत्र मां चंद्रहासनी मंदिर में कलश स्थापना की गई। मां चंद्रहासनी मंदिर से सैकड़ों की संख्या में कन्याओं ने कलश लेकर दरहाघाट से जल भरा और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिर पर कलश रखकर मंदिर पहुंची।
कर्मा के ढोल-मृदंग की थापों के साथ भव्य कलश यात्रा का समापन करते हुए विधिवत ढंग से कलश स्थापना की गई। मां चंद्रहासनी मंदिर के भोगशाला से लगभग 500 कन्याओं को भोज कराया गया और मंदिर परिसर में भंडारा का आयोजन किया गया। कलश उठाने वाली कन्याओं को वस्त्र आदि भेंट किया गया।
मंदिर में प्रतिवर्ष की भाति मंगलवार को नवरात्र के प्रथम दिवस से चैत्र नवरात्र के सुअवसर पर सतचंडी पाठ आरम्भ किया गया। चैत्र नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर में शीतल पेय जल आदि की समुचित व्यस्था की गई है। इस बार लगभग 5500 मनोकामना ज्योति कलश मां चंद्रहासिनी मंदिर में प्रज्जवलित हो रहे हैं।
सोमवार, 27 मार्च 2017
चंद्रहासिनी मंदिर में आज से जगमगाएंगे आस्था के जोत
चैत्र नवरात्रि की सभी तैयारियां हुई पूरी, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पुख्ता
चंद्रपुर. नगर में स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर में चैत्र नवरात्रि की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। मंगलवार 28 मार्च को शुभ मुहूर्त में शंख और घडिय़ालों की ध्वनि के बीच आस्था के ज्योत जलेंगे। नवरात्रि पर्व पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में ध्यान में रखते हुए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है।
देश के 52 शक्तिपीठों में से एक मां चंद्रहासिनी पीठ चंद्रपुर में 28 मार्च से चैत्र नवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में मंदिर की साफ-सफाई के साथ ही दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के स्थल में पेयजल आदि की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल कर दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है। इस नवरात्र पर चंद्रहासिनी मंदिर में लगभग 5500 ज्योत कलश जलने की संभावना है। इसी आधार पर मंदिर प्रबंधन आवश्यक प्रबंध कर रहा है।
मंगलवार की सुबह भव्य कलश यात्रा ढ़ोल-बाजे के साथ निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद से मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लग जाएगा। इस बार स्कूलों की परीक्षाएं खत्म हो चुकी है। ऐसे में दर्शनार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रबन्धक न्यासी गोविन्द अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ उनकी धार्मिक आस्था और रूचि को ध्यान में रख मंदिर में आवश्यक बदलाव और सुविधाओं को लागू किया जा रहा है। विगत कई वर्षों से मंदिर परिसर में ही प्रसाद रूपी साफ-सुथरा भोजन भी न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं मंदिर परिसर की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था बेहतर करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
रविवार, 26 मार्च 2017
डभरा जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी ने दिया महिलाओं के धरना-प्रदर्शन को समर्थन
नवीन कदम@चंद्रपुर. नगर के हीरापुर में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में आसपास की महिलाओं द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसको डभरा जनपद अध्यक्ष ने अपना समर्थन दिया है।
ज्ञात हो कि नगर पंचायत द्वारा शराब दुकान के लिए चयनित स्थान का महिलाओं द्वारा विरोध किए जाने के बाद ही नगर पंचायत अध्यक्ष पीआईसी के सदस्यों द्वारा आकस्मिक बैठक बुलाकर शराब दुकान के लिए चयनित भूमि की प्रक्रिया को निरस्त करने प्रस्ताव लाया गया था। इसके बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर संबंधित महिलाओं ने उक्त भूमि पर शराब दुकान निर्माण नहीं कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन शुक्रवार को ठेकेदार द्वारा पुन: उसी स्थान पर शराब दुकान निर्माण का कार्य आरम्भ किया गया।
इसकी जानकारी मिलते ही सभी महिला संगठित होकर काम रूकवा कर धरना प्रदर्शन करने लगी। धरना के दौरान अपने प्रदर्शन को नीति सम्मत मानते हुई धरना स्थल पर चारों ओर राष्ट्र ध्वज भी आरोहित किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार और आबकारी अधिकारी वहां पहुंचे और समझाइस दी, लेकिन महिलाओं ने उनकी एक न सुनी। वहीं शनिवार को भी बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान निर्माण स्थल पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करती रही। मगर प्रशासन की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पंहुचा। इसी दिन महिलाओं के प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल के पति एवं विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव के जनपद प्रतिनिधि मनोज पटेल सहित विधायक प्रतिनिधि इमरान और वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पति गौरी गुप्ता ने महिलाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर इस स्थान पर शराब दुकान खोलने नही दिया जाएगा। रविवार को डभरा जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन को समर्थन दिया।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)


