रविवार, 26 मार्च 2017

डभरा जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी ने दिया महिलाओं के धरना-प्रदर्शन को समर्थन

नवीन कदम@चंद्रपुर. नगर के हीरापुर में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में आसपास की महिलाओं द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसको डभरा जनपद अध्यक्ष ने अपना समर्थन दिया है।
ज्ञात हो कि नगर पंचायत द्वारा शराब दुकान के लिए चयनित स्थान का महिलाओं द्वारा विरोध किए जाने के बाद ही नगर पंचायत अध्यक्ष पीआईसी के सदस्यों द्वारा आकस्मिक बैठक बुलाकर शराब दुकान के लिए चयनित भूमि की प्रक्रिया को निरस्त करने प्रस्ताव लाया गया था। इसके बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर संबंधित महिलाओं ने उक्त भूमि पर शराब दुकान निर्माण नहीं कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन शुक्रवार को ठेकेदार द्वारा पुन: उसी स्थान पर शराब दुकान निर्माण का कार्य आरम्भ किया गया।
इसकी जानकारी मिलते ही सभी महिला संगठित होकर काम रूकवा कर धरना प्रदर्शन करने लगी। धरना के दौरान अपने प्रदर्शन को नीति सम्मत मानते हुई धरना स्थल पर चारों ओर राष्ट्र ध्वज भी आरोहित किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार और आबकारी अधिकारी वहां पहुंचे और समझाइस दी, लेकिन महिलाओं ने उनकी एक न सुनी। वहीं शनिवार को भी बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान निर्माण स्थल पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करती रही। मगर प्रशासन की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पंहुचा। इसी दिन महिलाओं के प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल के पति एवं विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव के जनपद प्रतिनिधि मनोज पटेल सहित विधायक प्रतिनिधि इमरान और वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पति गौरी गुप्ता ने महिलाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर इस स्थान पर शराब दुकान खोलने नही दिया जाएगा। रविवार को डभरा जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन को समर्थन दिया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें