चांपा के घठोली चौक के पास दो युवकों ने वारदात को दिया अंजाम
जांजगीर-चांपा. मेडिकल कम्पनी के बिल की वसूली कर लौट रहे एक सेल्समैन को बाइक सवार दो युवकों ने लिफ्ट देकर एक लाख 13 हजार रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देेते हुए आरोपियों ने सेल्समैन के गाल पर दो तमाचा भी जड़ा और उसके मोबाईल सेट को छीन लिया, जिसे वहां से भागते समय सेल्समैन को वापस लौटा दिया। वारदात से सहमे सेल्समैन ने किसी तरह चाम्पा थाना पहुंचकर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
![]() |
| सेल्समैन हेमन्त भोई |
दोनों युवक सेल्समैन भोई को बाइक पर बिठाकर वहां से रवाना हुए और घठोली चौक के पास संचालित पेट्रोल पम्प के सामने से खेत की ओर गए रास्ते में बाइक को ले जाने लगे, जिस पर सेल्समैन ने आपत्ति जताई तो दोनों युवको ने कच्चे रास्ते को चाम्पा पहुंचने का शार्टकट मार्ग बताया। उस रास्ते पर कुछ दूर आगे बढऩे के बाद बाइक चला रहे युवक ने अचानक बाइक रोकी और सेल्समैन को बाइक से उतार दिया। सेल्समैन भोई कुछ समझ पाता, इससे पहले दोनों युवकों ने उसके गाल पर एक-एक तमाचा जड़ दिया और बैग में रखी रकम निकालने कहा।
इसी दौरान दोनों युवकों ने उससे मोबाइल भी छीन लिया। सेल्समैन भोई ने डर के मारे बैग में रखी वसूली की रकम एक लाख 13 हजार 120 रुपए उन युवकों के सुपुर्द कर दिया। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों युवकों ने सेल्समैन भोई को मोबाइल फोन वापस लौटाया और वहां से फरार हो गए। सेल्समैन भोई ने वारदात की सूचना मोबाइल फोन के जरिए अपने कंपनी के अधिकारियों को दी और उनके निर्देश पर वह सीधे चांपा थाने पहुंचा, जहां मौजूद थाना प्रभारी को उसने आपाबीती सुनाई।
थाना प्रभारी ने वारदात से संबंधित पूरी जानकारी लेने के बाद सेल्समैन भोई को रात करीब आठ बजे चिकित्सा परीक्षण के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा। मामले में सेल्समैन की रिपोर्ट पर चांपा पुलिस ने बाइक सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का जुर्म दर्ज किया है। चांपा पुलिस ने आसपास के थानों में भी वारदात की सूचना भेज दी है। वारदात की सूचना मिलने के बाद आसपास के थाना प्रभारी अलर्ट हो गए हैं और लुटेरों की तलाश की जा रही है।
वाहन चेकिंग का बनाया बहाना
बाइक सवार दोनों युवक सेल्समैन भोई को लिफ्ट देने के बाद घठोली चौक के समीप संचालित पेट्रोल पंप के सामने से निकले कच्चे रास्ते पर जाने लगे, तब सेल्समैन भोई ने आपत्ति जताई, जिस पर लुटेरे युवकों ने कहा कि घठोली चौक में यातायात विभाग का वाहन चेकिंग अभियान चल रहा है। यदि उस रास्ते से चांपा जाएंगे तो तीन सवारी होने की बात कहकर यातायात अमला रोक लेगा। दोनों युवकों की इस चाल को सेल्समैन समझ नहीं पाया और उनके चाल में फंसकर लूट का शिकार हो गया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें