एसपी ने पंतोरा चौकी प्रभारी को भी जारी किया नोटिस
जांजगीर-चांपा. कबाड़ से भरे वाहन को पकडऩे और थाना लाने के बाद बिना किसी कार्रवाई के छोडऩे वाले प्रधान आरक्षक के खिलाफ एसपी ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले चौकी प्रभारी को भी नोटिस जारी किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने बताया कि कि पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक राम इकबाल सिंह ने 25 फरवरी को कबाड़ से भरे माजदा वाहन क्रमांक सीजी 12 एस 3581 को पकड़ा था और उसे चौकी लाकर खड़ा किया था। उसके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसने पूरे मामले को ही पैसा लेकर सुलझा लिया और न तो कबाड़ जब्त किया न कबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई की। वाहन को भी चौकी से बिना कार्रवाई किए ही छोड़ दिया। प्रधान आरक्षक राम इकबाल सिंह ने इसकी जानकारी चौकी प्रभारी रविन्द्र अनंत को भी नहीं दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी यादव ने बलौदा थाना प्रभारी हरीशचंद्र टांडेकर को मामले की जांच कर प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए थे। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद एसपी यादव ने प्रधान आरक्षक राम इकबाल के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले में चौकी प्रभारी रविन्द्र अनंत को भी शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें