पंतोरा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पंतोरा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 अप्रैल 2017

पुलिस बनकर वसूली करने वाला गिरफ्तार, कोरबा-पंतोरा मार्ग पर कर रहा था अवैध वसूली

पंतोरा. पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को क्राइम ब्रांच टीम का स्टॉफ बताने वाले एक युवक को पंतोरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि युवक वर्दी का धौंस दिखाकर लोगों से अवैध वसूली कर रहा था, जिसकी शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया गया।


पंतोरा पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग 9 बजे खबर मिली कि पुलिस की वर्दी पहना हुआ एक युवक कोरबा रोड में वाहन चालकों को रोककर अवैध वसूली कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पुलिस वर्दी पहने एक युवक को अवैध वसूली करते पाया गया। पुलिस ने जब उसे पकडक़र पूछताछ की तो उसने अपना परिचय बाराद्वार थाना अंतर्गत ग्राम दुरपा निवासी कृष्णा यादव (22) पिता बुधराम यादव के रूप में दिया। जांच में पता चला कि कृष्णा ने पुलिस वर्दी में जो बैच लगाया है, वह बैच करन यादव का है। पूछताछ में आरोपी कृष्णा ने बताया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर तथा नकली आईकार्ड रखकर खुद को क्राइम ब्रांच का स्टॉफ बताते हुए पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहा था। पंतोरा पुलिस ने आरोपी कृष्णा यादव को भादवि की धारा 170, 171 एवं 384 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है। 

इस तरह हुआ खुलासा

पंतोरा में इलेक्ट्रानिक्स दुकान संचालित करने वाले राजेन्द्र कुमार साहू ने मंगलवार की सुबह 9 बजे पंतोरा थाने में सूचना दी कि उसके दुकान के पास पुलिस की वर्दी पहना एक व्यक्ति आया और कल का 40 रुपए नहीं दिए हो, कहकर चमकाने लगा। जब उससे परिचय पूछा तो वह खुद को क्राइम ब्रांच का स्टॉफ बताने लगा। उसने पुलिस को बताया कि हावभाव से वर्दी पहना वह युवक ठग लग रहा है, तब पंतोरा चौकी में पदस्थ आरक्षक रज्जू टंडन  मौके पर पहुंचा, जिसे देखकर वर्दी पहना युवक जंगल की ओर भागने लगा, जिसे आरक्षक ने फारेस्ट गार्ड की मदद से पकड़ लिया, तब आरोपी ने सच्चाई बयां की।

आरोपी से ये सामान जब्त

आरोपी कृष्णा यादव से पुलिस की वर्दी, छग पुलिस का बैच, बेल्ट, जूता, चार नग मोबाइल सेट, दो नग फोटो पासपोर्ट साइज, एक नग नेम प्लेट एवं एक हीरो होण्डा बाइक नीले रंग की तथा अवैध रूप से वसूला गया 40 रुपए के अलावा एक हजार 50 रुपए जब्त हुआ है।

शुक्रवार, 17 मार्च 2017

जंगल से भटककर स्कूल पहुंच गया हिरण, खिसोरा के ग्रामीणों ने वन अमले को दी सूचना

पंतोरा. जंगल से भटककर एक हिरण शुक्रवार की शाम खिसोरा गांव के हायर सेकेण्डरी स्कूल पहुंच गया। स्कूल परिसर के एक कोने में वह दुबका हुआ था, जिस पर गांव के कुछ लोगों की नजर पड़ गई। ग्रामीणों ने सरपंच के माध्यम से वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि देर शाम तक वन अमला मौके पर नहीं पहुंचा था।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बलौदा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिसोरा के कुछ ग्रामीण शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे गांव में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के सामने से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर स्कूल परिसर के कोने में दुबके एक हिरण पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव के सरपंच सहित अन्य लोगों को दी। स्कूल परिसर में हिरण के पहुंचने की खबर गांव भर में फैल गई और वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। स्कूल परिसर में ग्रामीणों के हुजूम उमडऩे से कोने में दुबका हिरण उठकर इधर-उधर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना तत्काल बलौदा स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय में दी। ग्रामीणों ने हिरण को सुरक्षित रखा है। खबर लिखे जाने तक वहां वन अमला नहीं पहुंचा था। ज्ञात हो कि बलौदा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत खिसोरा एवं कंडरा गांव के आसपास के जंगलों में बहुतायत संख्या में हिरण मौजूद हैं, जो चारा एवं पानी की तलाश में इन दिनों गांवों तक पहुंच रहे हैं। जंगल से भटककर गांवों में पहुंचे कई हिरणों को ग्रामीणों ने अपना शिकार भी बनाया है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र के जंगल लगातार उजड़ रहे हैं। लकड़ी माफिया यहां के जंगलों को उजाडऩे अमादा हैं। इसके बावजूद वन अमला हिरण तथा अन्य वन्य प्राणियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।