चांपा. ग्राम बालपुर के नवधा चौक स्थित एक मकान में अचानक आग लगने से हजारों का सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के ग्रामीण भी उस पर काबू नहीं पा सके। ग्रामीणों की सूचना पर चांपा तहसीलदार तत्काल मौके पर पहुंची और मुआयना कर पीडि़त परिवार के लिए पंचायत को त्वरित राशन, कपड़ा और अन्य जरूरत के सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, चांपा तहसील अंतर्गत ग्राम बालपुर स्थित नवधा चौक निवासी भईयाराम मन्नेवार पिता जतनसिंह के घर रविवार की सुबह दस बजे अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान भईयाराम और उसके परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे। काम करने के बाद भईयाराम मन्नेवार की पत्नी महेशी बाई जब घर पहुंची तो घर के एक कमरे में भीषण आग लगी हुई देखी।
उसने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन असफल हुए। भईयाराम ने बताया कि उसके एक बेटे और एक बेटी की शादी तय हो चुकी है। उनकी शादी के लिए दस हजार रुपए की साड़ी, दो क्विंटल चावल, दो कट्टी धान, छह हजार रुपए घर में रखे हुए थे, जो जलकर खाक हो गए। इसके अलावा बच्चों की कापी-पुस्तकें भी जल गई।
उसने बताया कि अब उनके पास पहनने के लिए कपड़े तक नहीं हैं। आगजनी से अनाज जलकर खाक हो गया है। ऐसे में अब उनका गुजारा कैसे होगा, इसकी चिंता सता रही है। घटना की सूचना मिलने पर चांपा तहसीलदार सरस्वती बंजारे वहां पहुंची और सचिव को बुलवाकर पीडि़त परिवार के लिए राशन और जरूरत की अन्य सामग्री व्यवस्था करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने पीडि़त परिवार को शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन भी दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें