रविवार, 2 अप्रैल 2017

तहखाना में छिपाकर रखा था 26 पेटी देसी शराब, एक आरोपी गिरफ्तार

अकलतरा. कच्चे मकान के भीतर सुरंगनुमा तहखाना बनाकर वहां भारी मात्रा में शराब का स्टॉक रखने वाले एक आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से पुलिस ने 26 पेटी देसी शराब बरामद किया है।

अकलतरा थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि रविवार को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि अकलतरा के गुरूघासीदास मोहल्ला वार्ड क्रमांक 13 निवासी प्रकाश उर्फ गुड्डूृ भारद्वाज पिता भारत भारद्वाज ने अपने घर में अवैध रूप से अत्यधिक मात्रा में शराब रखा है, जिसे वह बिक्री कर रहा है। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अजय यादव तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को अवगत कराकर एसडीओपी अशोक शर्मा के मार्गदर्शन में प्रकाश भारद्वाज के घर छापा मारा। 

पुलिस के पहुंचने पर प्रकाश और उसकी मां द्वारा कार्रवाई रोकने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने दो गवाहों के समझ मकान की तलाशी ली, तब उसके कच्चे मकान से सुरंगनुमा एक तहखाना में बिजली के बोर्ड से ढंककर रखा शराब का जखीरा बरामद हुआ।

पुलिस ने तहखाने से 14 पेटी मसाला तथा 12 पेटी प्लेन शराब जब्त किया है, जिसकी कीमत 63 हजार 300 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा बिक्री की रकम 510 रुपए भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध अपराध सबूत पाए जाने से गवाहों के समझ उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें