जांजगीर-चांपा. ग्राम नकटीडीह में पुलिस ने ग्राहक बनकर दो तस्करों को दबोचा है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह किलो गांजा बरामद किया है।
बिर्रा पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा नशे पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके परिपालन में मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एक अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नकटीडीह का एक व्यक्ति ओडिशा क्षेत्र से मादक पदार्थ गांजा लेकर आया है और बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीम अलर्ट हुई और इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक अजय यादव तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को दी। उनके निर्देश पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ग्राम नकटीडीह जाकर ग्राहक बनकर आरोपी से सौदा तय किया।
जैसे ही आरोपी झड़ीराम अपने साथी हरिशंकर के साथ गांजा लेकर पहुंचा, वैसे ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से छह किलो गांजा जब्त हुआ है। जब्त गांजा की कीमती तीस हजार रुपए बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने ग्राम नकटीडीह निवासी झड़ीराम गोस्वामी पिता प्रह्लाद गोस्वामी तथा उसके साथी बम्हनीडीह थाना अंतर्गत ग्राम गोविंदा निवासी हरिशंकर वैष्णव पिता देवी प्रसाद वैष्णव को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध कायम कर गिरफ्तार किया। पुलिस उन दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें