जांजगीर-चांपा. जिले के ग्राम नरियरा में स्थित केएसके महानदी पावर प्लांट की चाइनीज ठेका कंपनी सेपको के आफिस और साइट एरिया में सोमवार को भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आगजनी से सेपको के आफिस और साइट में रखे ज्यादातर सामान जलकर खाक हो गए। इस घटना से कंपनी को करोड़ों का नुकसान होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, अकलतरा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम नरियरा में केएसके महानदी पावर प्लांट संचालित है। वहां चाइनीज ठेका कंपनी सेपको काम करती है। सोमवार को ठेका कंपनी के आफिस और साइट में अचानक भीषण आग लग गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। बताया जा रहा है कि जिस वक्त आगजनी हुई, तब कंपनी के आफिस में 100 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। वहीं साइट एरिया में भी कम से कम 500 लोग काम कर रहे थे। आगजनी से प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां बुलवाई गई, ताकि आग पर काबू पाया जा सके। कंपनी सूत्रों के मुताबिक, इस घटना से सेपको के आफिस में लगे कम से कम 100 एसी सहित लाखों का फर्नीचर जलकर खाक हो गया है। बड़ी बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में किसी की जान नहीं गई। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था, जिससे कंपनी को हुई क्षति का आंकलन नहीं लग सका है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि ठेका कंपनी के आफिस और साइड में सोमवार को अचानक आग लग गई। सूचना पर फायर बिग्रेड भेजकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। फिलहाल, क्षति का आंकलन नहीं हो सका है। ठेका कंपनी की रिपोर्ट पर घटना की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें