जांजगीर-चाम्पा. जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदकिशोर हरवंश की अध्यक्षता में सामान्य प्रशासन समिति की बैठक सोमवार को दोपहर 12 बजे आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन सहित विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत वसंत भी मौजूद रहे। सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में ग्राम पंचायत सराईपाली जनपद पंचायत डभरा के भूपेन्द्र मानिकपुरी नवनियुक्त सचिव (परिवीक्षाधीन) जो कि निलंबित चल रहा था, उनके संबंध में समिति के सदस्यों को जानकारी दी गई।
सदस्यों को बताया गया कि संबंधित सचिव द्वारा ग्राम पंचायत के सरपंच की फर्जी सील व हस्ताक्षर से 5 लाख 31 हजार रुपए की राशि आहरण कर ली गई। इस तरह का कृत्य गबन की श्रेणी में आता है। इस प्रकरण को विभागीय जांच में लाया गया। जांच के बाद संबंधित के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए गए। इसलिए समिति सदस्यों ने उसे सर्वसम्मति से पंचायत सचिव के पद से पदच्युत किए जाने का अनुमोदन किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत सचिव झपेली जनपद पंचायत बलौदा के परिवीक्षाधीन सचिव दीपेश प्रताप सिंह अपने कर्तव्य से लगातार अनुपस्थित रहने एवं उनके विरूद्ध संस्थित विभागीय जांच प्रकरण में आरोप के आधार पर सेवा से हटाए जाने का अनुमोदन भी किया गया। शिक्षक पंचायत के स्थानांतरण के संबंध में बैठक में चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि दूसरे जिले से आने वाले पति-पत्नी का स्थानांतरण किया जाए। साथ ही शिक्षक पंचायत से व्याख्याता पंचायत पदोन्नति के मामले में कहा गया कि जो इस जिले के सीनियर है, उन्हें पहले मौका दिया जाए। पदोन्नति के एजेंडे को सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
इसके अलावा सहायक शिक्षक पंचायत से शिक्षक पंचायत के पद पर पदोन्नति के लिए 1 अप्रेल 2017 की स्थिति में वरिष्ठता सूची का प्रकाशन एवं विषयवार रिक्त पदों की जानकारी सदस्यों को दी गई। उद्यानिकी विभाग के की सभी नर्सरियों में काम कर रहे मजदूरों की जानकारी विकासखण्डवार उपलब्ध कराई गई। साथ ही अकलतरा विकासखण्ड के ग्राम अमोरा स्थित उद्यान में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत मालखरौदा, पामगढ़ सहित उन ग्राम पंचायत में जहां पर शौचालय का निर्माण गुणवत्ता के विहीन हुआ है, वहां सदस्यों ने जांच करने कहा। बैठक में उपाध्यक्ष अजीत साहू, जिपं सदस्य कल्याणी साहू, प्रेमचंद जायसी, पिताम्बर सिंह पटेल, सुशांत सिंह, तुलसी देवी साहू,चैनसिंह सामले, नरेन्द्र कौशिक, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित जिला पंचायत अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें