गुरुवार, 3 अगस्त 2017

सडक़ हादसों में तीन वर्षों के भीतर 141 लोगों की मौत, सक्ती विधायक के सवाल पर विस में गृहमंत्री ने दिया जवाब

जांजगीर-चांपा. जिले के सक्ती विधानसभा क्षेत्र में तीन वर्षों के भीतर हुए सडक़ हादसों में 141 लोगों की मौत हुई है। वहीं 415 लोग दुर्घटना में घायल हुए हैं। यह आंकड़ा सक्ती विधायक डॉ. खिलावन साहू द्वारा विधानसभा में उठाए गए सवाल पर प्रदेश के गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने उपलब्ध करवाया है।

सक्ती विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. खिलावन साहू ने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में रखते हुए गृहमंत्री रामसेवक पैकरा से पूछा था कि सक्ती विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2014-15, 2015-16 एवं 2016-2017 तक सडक़ दुर्घटना में घायल, गंभीर और मृतकों की संख्या कितनी है? इसके अलावा सडक़ दुर्घटनाओं में मृत्यु पर तात्कालिक सहायता के रूप में घायल, गंभीर और मृतकों के परिजनों को सहायता प्रदाय की गई है अथवा नहीं? क्या तात्कालिन सहायता वर्तमान में लंबित है? 

इस प्रश्न के उत्तर में गृहमंत्री ने कहा कि सक्ती विधानसभा क्षेत्र में उक्त अवधि में सडक़ दुर्घटना में घायलों की संख्या 415, गंभीर रूप से घायलों की संख्या 69 एवं मृतकों की संख्या 141 है। सडक़ दुर्घटना में 141 मृतकों में से 36 मृतकों के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदाय की गई है। वहीं छह मृतकों के प्रकरण तात्कालिक सहायता के लिए तहसील स्तर पर लंबित हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें