जांजगीर-चांपा. आगामी रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसर अलर्ट हो गए हैं। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जिला मुख्यालय में संचालित लालू स्वीट्स और मक्खन मिश्री स्वीट्स में छापामार कार्यवाही कर मिष्ठानों के सैंपल लिए।
उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर शहर से लेकर गांवों में पनीर, मावा और दूध बाजार रेट से कम कीमत पर बेचा जा रहा है। मावा और पनीर आम आदमी से ज्यादा मिठाई आदि बनाने वाले दुकानदार खरीद रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि रक्षाबंधन में मिलावटखोरों ने मिलावटी सामग्री से बनी मिठाई खिलाने की पूरी तैयारी कर ली है। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही के बजाय खानापूर्ति में लगे हुए हैं। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत बघेल ने नेताजी चौक पर संचालित मक्खन मिश्री स्वीट्स में छापा मारकर बेसन लड्डू का सैंपल लिया। इसी तरह केरा रोड में संचालित लालू स्वीट्स से कुण्डा (खोवे की मिठाई) का सैंपल लिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों प्रतिष्ठानों की जांच में भारी पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई। वहीं दोनों प्रतिष्ठानों के रसोई घर में गंदगी भी मिली है, जिस पर प्रतिष्ठान संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई है। बहरहाल, जिला मुख्यालय जांजगीर में मुंह देखकर सैपलिंग की जा रही है। जिला मुख्यालय जांजगीर और चांपा के अधिकांश नामचीन दुकानों पर अब तक सैपलिंग नहीं की गई है। इससे बड़े कारोबारी मिलावटी मिष्ठान धड़ल्ले से खपा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें