गौशालाओं के प्रबंधन पर गहन चर्चा, गौसेवा एवं पशु परिरक्षण संबंधी हुई बैठक
जांजगीर-चांपा. राज्य गौसेवा आयोग के सदस्य रमेश यदु ने कलेक्टर सभागार में गौसेवा एवं पशु परिरक्षण की बैठक ली। बैठक में अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, उपसंचालक पशु चिकित्सा, पुलिस विभाग के अधिकारी और गौशालाओं के संचालक उपस्थित थे। आयोग के सदस्य यदु ने पशु तस्करी रोकने एवं गौशालाओं के उचित प्रबंधन विषय पर गहन चर्चा की।
बैठक में जिले में पशु परिरक्षण अधिनियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए विकासखंडों में संयुक्त जांच दल का गठन करने के लिए चर्चा की गई। संयुक्त जांच दल में संबंधित विकासखण्ड के पुलिस निरीक्षक, उपनिरीक्षक पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, नगर पालिका अधिकारी एवं मवेशी बाजार ग्राम के सचिव को शामिल किया जाएगा। सभी मवेशी बाजारों का नियमित निरीक्षण करने, बिना पशु चिकित्सा प्रमाण पत्र के मवेशियों की खरीदी पर रोक लगाने के संबंध में निर्देश दिए गए। मवेशी बाजारों में अधिनियमों की सूचना बिन्दुवार बैनरों के माध्यम से प्रचार करने कहा गया। बैठक में अधिनियमों में उल्लेखित पशु परिरक्षण एवं परिवहन नियमो पर विस्तृत जानकारी दी गई।
जिले के सभी विकासखंडों में शासकीय गौशालाओं की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकित करने और लावारिस एवं दुर्घटना प्रभावित पशुओं के व्यवस्थापन के लिए एनिमल होल्डिंग प्रिमाइसेस की स्थापना के लिए चिन्हांकित ग्रामों में भू-बंटन प्रस्ताव कलेक्टर को प्रस्तुत करने के लिए पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक को निर्देशित किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें