मरवाही विधायक ने वरिष्ठ नेता इब्राहिम मेमन के निवास में की चर्चा
जांजगीर-चांपा. महिलाएं, युवा और किसान अर्थात एमवाईके की समस्या छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस का मुख्य चुनावी मुद्दा होगा। प्रदेश में पिछले 13 वर्षो में शराब में 11 गुना मुनाफा बढ़ा है। इसके साथ महिलाओं पर अपराध बढ़ा है। प्रतिदिन प्रदेश में 18 महिलाओं के साथ अनाचार हो रहा है। युवाओं में बेराजगारी बढ़ी है तो किसानों का पानी उद्योगों को दिया जा रहा है।ये बातें मरवाही विधायक एवं छग जनता कांग्रेस के नेता अमित जोगी ने कही। वे चांपा प्रवास के दौरान विरष्ठ नेता इब्राहिम मेमन के निवास पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी का आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुद्दा महिला, युवा व किसानों पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि नेशनल क्राइम रिपोर्ट ब्यूरो के अनुसार छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 18 महिलाएं अनाचार का शिकार हो रही हैं। भाजपा सरकार के 13 वर्षो के कार्यकाल में शराब की बिक्री 11 गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर प्रदेश में पूर्णत: शराबबंदी लागू करेगी। प्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश भर में शराब की दुकानें बनाने के लिए 400 करोड़ रूपए खर्च कर भवन बना रही है, जहां शराब की दुकानें खोली जाएगी। भाजपा गुपचुप अध्यादेश लाकर शराब की दुकानें प्रदेश में सजा रही है। विधानसभा जैसे पवित्र मंदिर में ऐसा अध्यादेश लाकर अपवित्र किया गया। इसलिए हमने गंगा जल का छिडक़कर विधानसभा को पवित्र किया। छग जनता कांग्रेस सरकार की शराब नीति का विरोध कर रही है। एक अप्रैल से इसको लेकर वृहद आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बेरोजगारी की समस्या है
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं के सामने बेरोजगारी की समस्या है। इसे लेकर उन्होंने विधानसभा में एक विधेयक प्रस्तुत किया गया है, लेकिन प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टी इस पर चर्चा नहीं कर रही है। विधेयक में पांच शर्ते युवक का जन्म, माता पिता का जन्म छत्तीसगढ़ में हुआ हो, 10 वर्षो से यहां निवास कर रहा हो, पांच वर्ष यहां पढ़ाई किया हो या यहां की भाषा व बोली का ज्ञान हो, ऐसे 100 प्रतिशत युवाओं को रोजगार दिया जाए।उद्योगों को नदी का पानी
उन्होंने कहा प्रदेश में लग रहे उद्योगों में 90 प्रतिशत रोजगार प्रदेश के लोगों को दिया जाएगा। किसानों के संबंध में कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाएगा, तभी किसान विकास करेगा। प्रदेश के नदियों में 17 किमी क्यूबिक पानी में से साढ़े सात किमी क्यूबिक पानी ओडिसा चला जाता है। केवल साढ़े तीन किमी क्यूबिक पानी प्रदेश के किसानों को मिलता है। उन्होंने कहा महानदी में 7 बैराज बनाया जा रहा है, लेकिन इसका पानी किसानों के लिए नहीं उद्योगों के लिए है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें