मंगलवार, 21 मार्च 2017

डोंगरगढ़ में होगा एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, नवरात्रि के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने दी सुविधा

जांजगीर-चांपा. डोंगरगढ़ स्टेशन में चैत्र नवरात्र मेले के दौरान कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होगा। नवरात्रि पर डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी के दर्शन व मेले आने वाले दर्शनार्थियों की भीड़ को लेकर रेलवे ने विभिन्न ट्रेनों के स्टापेज के साथ दूरी भी बढ़ाई है, जो पूरे नवरात्र 28 मार्च से 5 अप्रैल तक रहेगी। इससे दर्शनार्थियों को आने-जाने में किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवरात्र में गाड़ी संख्या 2130 हावड़ा-पुरी, 2129 पुरी-हावड़ा, 12812 हटिया-कुर्ला, 12811 कुर्ला-हटिया, 18473 पुरी-जोधपुर, 18472 जोधपुर-पुरी, 12906 हावड़ा-पोरबंदर और गाड़ी संख्या 12905 पोरबंदर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन का 28 मार्च से पांच अप्रैल तक डोंगरगढ़ स्टेशन में दो-दो मिनट का स्टापेज अस्थाई रूप से दिया गया है। डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्र मेला को लेकर रेलवे ने गाड़ी संख्या 58208 भवानी पटना-रायपुर, 58204 रायपुर-गेवरा रोड़, 58818 तिरोड़ी से तुमसर और 58817 तुमसर से तिरोड़ी चलने वाली ट्रेनों का डोंगरगढ़ तक विस्तार किया है। इसके अलावा गाड़ी संख्या 68741-68742 दुर्ग-गोंदिया-दुर्ग को रायपुर तक बढ़ाया गया है। रेलवे ने दर्शनार्थियों की भीड़ और यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 18239-18240 नागपुर-बिलासपुर-नागपुर शिवनाथ एक्सप्रेस व 12856-12855 नागपुर-बिलासपुर-नागपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त जनरल कोच लगेगा, ताकि डोंगरगढ़ व अन्य स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें