मंगलवार, 21 मार्च 2017

OMG! माननीयों के मद के 178 कार्य अब तक नहीं हो सके शुरू

विस निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत स्वीकृत हुए हैं 258 कार्य

 

जांजगीर-चांपा. अधिकारी-कर्मचारी अपने कर्तव्य के प्रति कितने सजग हैं, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत स्वीकृत हुए 258 कार्यों में से 178 कार्य अब तक शुरू ही नहीं हो सके हैं। हद की बात तो यह भी है कि इनमें से मात्र 43 कार्य पूर्ण हुए हैं, जबकि 37 कार्य प्रगति पर हैं। 

उल्लेखनीय है कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए विधायकों व प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर पांच करोड़ 88 लाख रूपए के 258 कार्य स्वीकृत हुए, लेकिन इन कार्यों की गति बहुत ही धीमी है। इन कार्यों में चबूतरा, सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन व अन्य कार्य शामिल हैं। चालू वित्तीय वर्ष समाप्त होने में महज कुछ दिन ही शेष हैं, जबकि इनमें से मात्र 43 कार्य पूर्ण हुए हैं। वहीं 37 कार्य प्रगति पर बताया गया है। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के  अनुसार जिले में 178 कार्य अब शुरू नहीं हो सके हैं। सर्वाधिक 28 कार्य अकलतरा विधायक चुन्नीलाल साहू के क्षेत्र में शुरू नहीं हुए हैं। वहीं प्रभारी मंत्री मद के 11 कार्य शुरू नहीं हुए हैं, जबकि संसदीय सचिव और पामगढ़ विधायक अंबेश जांगड़े के क्षेत्र में 26 कार्य शुरू नहीं हुए हैं। वहीं इस क्षेत्र में प्रभारी मंत्री मद के 12 कार्य अधूरे हैं। इसी तरह सक्ती विधायक खिलावन साहू के क्षेत्र में विधायक निधि के 21 व प्रभारी मंत्री मद के आठ कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। बहरहाल, विधायकों द्वारा अनुशंसित कार्यों की गति यह है तो अन्य कार्यों को लेकर निर्माण एजेन्सी कितने सजग होंगे, यह समझा जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें