जांजगीर-चांपा. नगर पंचायत चंद्रपुर के फैसले का उरांव समाज ने कड़ा विरोध किया है। समाज के लोगों का आरोप है कि उनके समाज के मुक्तिधाम के पास नपं द्वारा कचरा गोदाम बनाया जा रहा है, जिससे आगामी समय में उन्हें असुविधा होगी।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चन्द्रपुर को नगर का कचरा एकत्र करने के लिए एक गोदाम की आवश्यकता है, जहां नगर के सभी वार्डों से निकलने वाले कचरे को डंप कर रिसाइकिलिंग की जाएगी। कुछ दिनों पहले इस कार्य के लिए मुस्लिम कब्रिस्तान के समीप की शासकीय जमीन को चिन्हांकित किया गया था। नपं के इस निर्णय पर मुस्लिम समाज के लोगों ने आपत्ति जताते हुए मामले की शिकायत कलेक्टर से की थी। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान के समीप कचरा गोदाम नहीं बनाने का निर्देश नपं सीएमओ को दिया था। बताया जा रहा है कि अब कचरा गोदाम उरांव समाज के मुक्तिधाम के समीप बनाने की तैयारी चल रही है, जिसकी जानकारी मिलने पर उरांव समाज के लोगों शनिवार को नगर पंचायत चंद्रपुर के वार्ड क्रमांक पांच के पार्षद पति गौरी गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव से मुलाकात की। इस दौरान समाज के लोगों ने विधायक जूदेव को वस्तुस्थिति से अवगत करवाकर नपं के इस निर्णय को रद्द कराने का आग्रह किया। समाज के लोगों के आग्रह पर विधायक जूदेव ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें