जैजैपुर. मछली पकडऩे के लिए एक ग्रामीण द्वारा तालाब में लगाए गए करंट की चपेट में आकर सोमवार की सुबह एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब बच्चा नहाने के लिए तालाब के पानी में उतरा, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। घटना जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम हरदीडीह की है।
जानकारी के अनुसार, जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम हरदीडीह निवासी घासीराम (40) पिता पुनीराम जाटवर ने गांव के रामायण चौक में स्थित तालाब के किनारे दुकान खोला है, जहां उसने अवैध रूप से विद्युत कनेक्शन लगा रखा है। रविवार की रात घासीराम ने अवैध कनेक्शन को मछली पकडऩे के लिए तालाब में डाला था, जिसमें करंट प्रभावित हो रहा था। सोमवार की सुबह गांव का ही 15 वर्षीय बालक विक्रम पिता नरोत्तम महंत तालाब में नहाने के लिए पहुंचा, तब वह पानी में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे और घटना की सूचना जैजैपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले करंट का प्रवाह बंद करवाया, इसके बाद बच्चे के शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। फिर पीएम के लिए शव को सीएचसी जैजैपुर भिजवाया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि मछली मारने के लिए तालाब में करंट प्रवाहित करने वाला घासीराम जाटवर घटना के बाद से फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। जैजैपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरे का कहना है कि परिजनों की सूचना पर मामले की छानबीन की जा रही है। मौके से विद्युत वायर और अन्य सामान जब्त किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दसवीं में था अध्ययनरत्
करंट की चपेट में आकर काल कवलित होने वाला विक्रम पिता नरोत्तम महंत शासकीय हाई स्कूल रीवाडीह में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत था। सोमवार को वह स्कूल जाने के पहले नहाने के लिए तालाब पहुंचा था। बच्चे को यह आभाष भी नहीं हुआ कि तालाब में मछली पकडऩे के लिए करंट लगाया गया है। यदि उसकी नजर करंट प्रवाहित तार पर पड़ती तो संभवत: उसकी जान बच सकती थी।
बाहर गए हुए हैं माता-पिता
हादसे में मृत छात्र विक्रम महंत के माता-पिता रोजगार के लिए बाहर गए हुए हैं। बताया जा रहा है कि वह अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना पुलिस ने उसके माता-पिता को दे दी है, लेकिन वे अब तक गांव नहीं पहुंचे हैं। इस घटना को लेकर गांव में खासा आक्रोश है। वहीं होनहार छात्र विक्रम की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें