जांजगीर-चांपा. जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल ने 22 जुलाई को जिला जेल जाकर बंदियों से मुलाकात की और विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इसी प्रकार 23 जुलाई को चन्द्रपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बाराद्वार, हसौद एवं चन्द्रपुर में संचालित लीगल एड क्लीनिकों एवं इन लीगल एड क्लीनिकों में कार्य करने वाले अधिवक्ताओं के कार्यों निरीक्षण भी किया गया।
प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल ने बताया कि 22 जुलाई को जिला जेल जाकर बंदियों से मुलाकात की गई। इस दौरान ऐेसे दोषसिद्ध बंदी, जिन्हें अपील करने में किसी विधिक सहायता की आवश्यकता हो, ऐसे विचाराधीन बंदी जिन्हें अपने मामलों में पैरवी करने के लिए विधिक सहायता की आवश्यकता हो या ऐसे दोषसिद्ध बंदी, जिन्हें जमानत स्वीकृत की गई हो, लेकिन वे जमानत बंधपत्र न भर पाने के कारण जेल में परिरूद्ध हों, इसकी जानकारी ली गई। बंदियों को एक स्थान पर एकत्र कर उन्हें उनके विधिक अधिकारों के साथ जेल के अनुशासन नियमों के बारे में बताया गया। बंदियों को बताया गया कि सप्ताह में प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को लीगल एड क्लीनिक जेल में संचालित होता है। इस लीगल एड क्लीनिक में प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता महेश्वर प्रसाद साहू से सेवाएं ली जा रही हैं। बंदियों को कोई भी विधिक समस्या हो, विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो लीगल एड क्लीनिक के पैनल अधिवक्ता को आवश्यक रूप से अपनी समस्या बताएं। प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल ने आगे बताया कि 23 जुलाई को तालुका विधिक सेवा समिति डभरा के अंतर्गत संचालित लीगल एड क्लीनिक चन्द्रपुर का निरीक्षण कर पैनल अधिवक्ता खोभराम पटेल के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान विधिक सेवा योजनाओं के पाम्प्लेट वितरित कराए गए। दृश्य सुलभ स्थल पर आगामी नेशनल लोक अदालत के फ्लेक्स बैनर लगवाए गए। डभरा में सार्वजनिक दृश्य सुलभ स्थल की दीवारों पर विधिक सेवा योजनाओं की वाल पेंटिंग कार्य का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान तालुका विधिक सेवा समिति डभरा के अध्यक्ष एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र भी उपस्थित रहे। इसी प्रकार तालुका विधिक सेवा समिति जैजैपुर के अधीन ग्राम हसौद में संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं अधिवक्ता सुरेन्द्र कुमार खटर्जी, तालुका विधिक सेवा समिति सक्ती के अधीन बाराद्वार में संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं अधिवक्ता मालिकराम यादव के कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशों के पालन में आगामी समय में जिले में संचालित सभी 35 लीगल एड क्लीनिकों का चरणबद्ध ढंग से निरीक्षण किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें