सोमवार, 24 जुलाई 2017

भास्कर को हायर सेकेण्डरी स्कूल सिवनी में जल्द मिलेगा प्रवेश, जनदर्शन मेें मिले 67 आवेदनों के निराकरण के निर्देश

जांजगीर-चांपा. कलेक्टोरेट में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों और शहरवासियों ने अपनी मांग तथा शिकायतों को लेकर अपर कलेक्टर डीके सिंह को 67 आवेदन दिए। अपर कलेक्टर सिंह ने इन आवेदनों के नियमानुसार निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में सक्ती के देवराम खाण्डे ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की है।

खाण्डे ने अपने आवेदन में बताया है कि वे बुजुर्ग हो गए हैं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर जीवन यापन कर रहे हैं। उनके घर में एकलबत्ती कनेक्शन है, लेकिन बिजली बिल 500 रुपए से अधिक आता है। अपर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस प्रकरण की जांच कर समस्या का निराकरण करने और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जैजैपुर के ग्राम बेलकर्री के सम्मेलाल साहू ने भेलवा गांव और बावनबुड़ी नहर पार में मनरेगा के तहत किए गए कार्य का मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत करते हुए मजदूरी दिलवाने के लिए आवेदन दिया। नवागढ़ के ग्राम सरखों के सतीदाई स्वसहायता समूह की अध्यक्ष दुलौरिन धीवर और सचिव सुकृता केंवट ने समूह की सभी महिलाओं के नाम पर इंदिरा आवास स्वीकृत करने, ग्यारहवीं के छात्र भास्कर उरांव ने सिवनी (चांपा) स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल में प्रवेश दिलवाने के लिए आवेदन दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छात्र भास्कर को हायर सेकेण्डरी स्कूल सिवनी में जल्द प्रवेश मिल जाएगा। धरदेई (पामगढ़) के उमाशंकर रोहिदास ने अपने बच्चों के छात्रवृत्ति के लिए आवेदन दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति की राशि आते ही बच्चों के खाते में छात्रवृत्ति स्थानांतरित कर दी जाएगी। लक्ष्मीनारायण साहू, मोहनलाल, छतराम सारथी सहित अनेक नागरिकों ने खरौद (पामगढ़) के तिवारीपारा स्थित मुख्य मंच इंदिरा गांधी चबूतरा और मैदान में कई लोगों द्वारा बेजाकब्जा करने की शिकायत की। अपर कलेक्टर सिंह ने बेजाकब्जा हटाने के लिए खरौद के सीएमओ को निर्देशित किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें