शनिवार, 17 जून 2017

किसके सिर पर होगा ताज, फैसला आज, 6338 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग, नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद के लिए होगा मतदान

जैजैपुर. नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 18 जून को मतदान होगा। यहां छह हजार 338 मतदाता पंजीकृत हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत जैजैपुर के अध्यक्ष पद के लिए 18 जून को मतदान होना है। नगर पंचायत उपचुनाव के अंतिम चरण में राष्ट्रीय पार्टी भाजपा व कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी है।

भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जहां नगरीय प्रशासन व जिले के प्रभारी मंत्री अमर अग्रवाल तथा खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने प्रचार किया है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित आधा दर्जन से अधिक विधायकों ने प्रचार किया है। शुक्रवार को सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अग्रवाल व खाद्य मंत्री मोहले ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गांव, गरीब व किसानों के हित में किए गए कार्यों का बखान करते हुए नगर विकास के सपना को साकार करने पार्टी प्रत्याशी सोनसाय देवांगन पक्ष में समर्थन मांगा। इस चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल मानते हुए भाजपा ने चुनाव संचालन की बागडोर रायगढ़ विधायक रोशन लाल अग्रवाल, कोरबा के पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के हाथों में सौंपी है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मेघाराम साहू, जिला मंत्री नीलकंठ सोनी, हिमांशु दुबे, सचिन सिंह, नरेश चंद्रा, भूषण चंद्रा सहित पार्टी पदाधिकारियों ने प्रचार थमने के बाद अपने प्रत्याशी के पक्ष में घर-घर जाकर प्रचार किया। 

इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप चंद्रा के पक्ष में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित विधायक शिव डहरिया, पद्मा मनहर, दिलीप लहरिया, चुन्नीलाल साहू, उमेश पटेल, छात्र संगठन के प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा, इंजी. रवि पाण्डेय, जनपद के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान सिंह चंद्रा, डॉ. सत्येन्द्र जायसवाल व बलराम चंद्रा ने मतदाताओं से समर्थन मांगा। शुक्रवार को पीसीसी अध्यक्ष बघेल ने काली चौक एवं बस स्टैण्ड में सभा को संबोधित करते हुए रमन सरकार के किसान विरोधी नीतियों की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदाता अपनी शक्ति को पहचाने और इसकी शुरूआत नगर पंचायत जैजैपुर से करें। निर्दलीय प्रत्यशी मीना चंद्रा के पक्ष में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रमुख अजीत जोगी द्वारा 14 मई को आम सभा को संबोधित करने से चुनावी माहौल दिलचस्प हो गया है। इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशी हीरा साहू एवं हरनारायण यादव ने भी अपने पक्ष में माहौल बनाने का भरपूर प्रयास किया है।  इन्होंने भी अपने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए जीत किसकी होगी, यह कह पाना तो मुश्किल है, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों के बढ़े हुए जनाधार से राष्ट्रीय दल के अधिकृत प्रत्याशियों का समीकरण बिगड़ता जरूर नजर आ रहा है। नगर पंचायत जैजैपुर में छह हजार 338 मतदाता पंजीकृत हैं, जो 18 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें