सोमवार, 17 अप्रैल 2017

अन्य विभागों के कामों से अलग रखने की मांग, ग्राम कृषि विस्तार अधिकारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा. कृषि विभाग में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने अन्य विभागों के कार्यों से अलग रखने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिस पर कलेक्टर ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने अपने ज्ञापन में कहा है कि विभाग के कार्य के अलावा उनकी अन्य कार्य जैसे मण्डी चुनाव, ग्राम सभा, राशन कार्ड सत्यापन, शौचालय निर्माण का निरीक्षण एवं समय-समय पर अन्य कार्यों में डयूटी लगा दी जाती है, जिस कारण महत्वपूर्ण कार्य जैसे खरीफ वर्ष 2017-18 की पूर्व तैयारी, सौर सुजला योजना, कुआं निर्माण, प्रदर्शन के लिए कृषक चयन, विभागीय योजनाओं के प्राप्त लक्ष्य अनुसार प्रकरण तैयार करने, प्रधानमंत्री महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत प्राप्त नवीन लक्ष्य की पूर्ति करने में असुविधा होती है। ज्ञापन में कहा गया है कि एक व्यक्ति द्वारा एक समय में एक ही स्थान पर रहकर कार्य किया जाना संभव है, जो कि अन्य विभागों के कामों में ड्यूटी लगाए जाने के कारण संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में समय पर लक्ष्य पूर्ति नहीं होने पर वरिष्ठ कार्यालय के अफसरों द्वारा नाराजगी जताई जाती है। साथ ही अग्रिम कार्यवाही का सामना करना पड़ता है, जिससे मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का मनोबल गिरता जा रहा है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिनों में डॅयूटी नहीं लगाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए अन्यत्र विभागों में लगाई गई ड्यूटी को निरस्त करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें