जांजगीर-चांपा. राज्य सरकार द्वारा लोगों की शिकायत और समस्याओं के निवारण के लिए लगातार एक माह तक चलाया गया प्रदेशव्यापी लोक सुराज अभियान ढकोसला साबित हुआ है। यही वजह है कि सुराज अभियान निपटने के बाद सोमवार को कलेक्टोरेट में आयोजित पहले जनदर्शन में शिकायत और समस्या लेकर आने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। किसी ने पॉवर प्लांट से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की तो कोई गांव में शराब की अवैध बिक्री होने की शिकायत लेकर पहुंचा था। इससे साफ जाहिर है कि लोक सुराज अभियान के नाम पर शासन-प्रशासन ने केवल औपचारिकता निभाई है।
दरअसल, सोमवार को कलेक्टोरेट में साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने सोमवार की दोपहर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जैसे ही लोगों की फरियाद सुननी शुरू की, वैसे ही शिकायत और समस्या लेकर आने वाले लोग अपनी अर्जी देने टूट पड़े। चांपा तहसील अंतर्गत ग्राम सेमरिया निवासी शिवकुमार ने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी उनके संयुक्त खाते का विभाजन नहीं हो रहा है। शिवकुमार की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने उसके आवेदन का अवलोकन कर विजय कुमार और गोविन्द नारायण वगैरह के मध्य खाता विभाजन की लंबित कार्रवाई पर शीघ्र सुनवाई पूर्ण कर आदेश पारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सेमरिया के ही रामनाथ कश्यप ने अपने आवेदन में तहसीलदार के निर्देश के बावजूद उनकी जमीन का सीमांकन राजस्व निरीक्षक और पटवारी द्वारा नहीं किए जाने की शिकायत की।
कलेक्टर ने एसडीएम चाम्पा को तत्काल सीमांकन प्रकरण निराकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पामगढ़ के नारायण प्रसाद दुबे के नक्शा बटांकन के मामले में एसडीएम पामगढ़ को त्वरित कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा। इसी तरह पामगढ़ के ग्राम चेऊडीह के जगदेव प्रसाद पात्रे द्वारा भूमि और पेड़ कटाई का मुआवजा दिलाने के लिए प्रस्तुत आवेदन पर कार्रवाई करते हुए एडीएम को पामगढ़ एसडीएम से रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायत बगडबरी की सरपंच सहित वहां के महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं और अनेक ग्रामीणों ने गांव में कच्ची शराब बनाने और पीने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंधित लगाने में शासन के सहयोग के लिए आवेदन दिया।
ग्राम पंचायत नरियरा (अकलतरा)के सरपंच और ग्रामीणों ने जनदर्शन में बताया कि वर्धा पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित जमीन के एवज में संबंधित किसानों को प्लांट द्वारा पेंशन दिया जा रहा था, लेकिन नवंबर 2016 से पेंशन नहीं दी जा रही है, तब उनके आवेदनों के निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। जैजैपुर के ग्राम पंचायत करौवाडीहा के लोगों ने अगस मनहर के घर से मुख्य रोड तक लगभग 550 मीटर तक सडक़ बनाने और गली चौड़ीकरण का आग्रह किया। इस पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। नवागढ़ के ग्राम पंचायत पोड़ी (राछा) के सरपंच और ग्रामीणों ने जनदर्शन में बताया है कि मनरेगा के तहत मजदूरी की राशि मुख्य पोस्ट ऑफिस बिलासपुर में आ चुका है, किन्तु अभी तक श्रमिकों को उनके खाते में मजदूरी राशि प्राप्त नहीं हुई है।
जनदर्शन में सक्ती के ग्राम डूमरपारा की गनेशी बाई साहू, भुरीबाई गोड़ और नवागढ़ के ग्राम पुटपुरा की लीलाबाई ने विधवा पेंशन दिलाने की मांग की। इनके आवेदनों की जांच कर पात्रता के अनुसार पेंशन योजनाओं में शामिल करने के लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए भी अनेक आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदकों को बताया गया कि 2011 के सर्वे सूची में जिनका नाम है, उन्हें क्रमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अवश्य मिलेगा। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत और अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें