जांजगीर-चांपा. जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों में प्लास्टिक चावल वितरण वाली बात को प्रशासन ने अफवाह बताया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान से प्लास्टिक चावल वितरण तथा मध्यान्ह भोजन में प्लास्टिक चावल मिलने की खबरें प्रकाशित होने पर खाद्य विभाग, पंचायत विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, भारतीय खाद्य निगम एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की टीम गठित कर सत्यता की जांच कराई गई है।
जिला प्रशासन की ओर से सहायक खाद्य अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि जांच में चावल में प्लास्टिक जैसी कोई वस्तु नहीं पाई गई। स्कूलों का चावल खाकर बच्चों के स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत भी असत्य पाई गई। जांच के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा आर्य द्वारा 12 जुलाई को बाराद्वार स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्र में भण्डारित चावल का सैम्पल लिया गया। इसी प्रकार पामगढ़ जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋशा ठाकुर, खाद्य निरीक्षक मनीषा कश्यप, नागरिक आपूर्ति निगम अकलतरा प्रदाय केन्द्र प्रभारी खाण्डे, गुणवत्ता निरीक्षक जगत एवं शिक्षकों की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा आर्य द्वारा 15 जुलाई को प्राथमिक शाला लोहर्सी के मध्यान्ह भोजन के चावल का दो सैम्पल लिया गया। सहायक खाद्य अधिकारी शर्मा ने बताया कि 13 जुलाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार देवांगन ने विकासखण्ड अकलतरा के शासकीय प्राथमिक शाला तिलई में संग्रहित मध्यान्ह भोजन योजना के चावल का सैम्पल लिया था। इन सभी सैम्पल को राजधानी रायपुर स्थित नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग कालीबाड़ी के प्रयोगशाला में भेजा गया। प्रयोगशाला में परीक्षण के बाद प्रेषित प्रतिवेदन के अनुसार सैम्पल के परीक्षण में निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप ही चावल होना पाया गया। प्लास्टिक चावल की मात्रा नहीं पाई गई। इस तरह की खबरें तथ्य से परे और सिर्फ अफवाह है। कहीं भी किसी भी सैम्पल में प्लास्टिक अवशेष नहीं पाया गया। लोहर्सी और ससहा में चावल पकाकर और खाकर देखा भी गया, जिसमें प्लास्टिक होने जैसी कोई वस्तु नहीं पाई गई। ससहा में किसान का चावल और सार्वजनिक वितरण प्रणाली का चावल पकाकर देखा गया, दोनों चावल एक सामान पाए गए और इनमें प्लास्टिक जैसा कुछ नहीं था। इस प्रकार सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में निर्धारित मापदण्ड के अनुसार गुणवत्तायुक्त चावल वितरण किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें