शनिवार, 22 जुलाई 2017

अब महिलाएं बताएंगी कि उन्हें स्टेशन के किस हिस्से में लगता है डर, उन्हीं हिस्सों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करेगी रेलवे

राजेन्द्र जायसवाल @ चांपा. रोज स्टेशन आने वाली महिलाएं बताएंगी कि उन्हें स्टेशन के किस हिस्से में डर लगता है। अकेले आने-जाने में वे कहां असहज हैं। इंट्री से एक्जिट तक कहां छेडख़ानी या सूनेपन की वजह से मन घबराता है। इन्हीं हिस्सों पर रेलवे महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करेगी। यह व्यवस्था निर्भया योजना के तहत स्टेशन में हो रही है।

सरकार ने स्टेशन में महिलाओं को विशेष सुरक्षा देने यह व्यवस्था लागू कर महिला, कॉलेज छात्राओं व नौकरी-पेशा युवतियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्लानिंग की है, जिसमें शहर के स्टेशन में कई सीसीटीवी कैमरे उन चिह्नित हिस्सों में लगाया जाएगा, जिसे महिलाओं ने असुरक्षित माना है। इसके लिए निर्भया फंड से रकम भी रेलवे को जारी कर दी है। अगले कुछ दिनों में आरपीएफ  की टीम स्टेशन में दैनिक महिला यात्रियों से बातचीत कर सर्वे रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके बाद इस रिपोर्ट को डिवीजन अफसरों को भेजा जाएगा और महिलाओं की बताए स्थानों के मुताबिक ही सीसीटीवी कैमरों को लगाया जाएगा। इस नई व्यवस्था से स्टेशनों में महिलाओं को सुरक्षित रखने व किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधियों को खत्म करने का दावा किया है। नागपुर मंडल के सीनियर डिवीजन टेलीकॉम इंजीनियर राहुल हंडे ने बताया कि सर्वे व कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


बंद पड़े हुए हैं चांपा जंक्शन के कई कैमरे

शहर के स्टेशन में करीब डेढ़ दर्जन कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन इसमें से ज्यादातर बंद है। कैमरों का एंगल भी ऐसा लिया गया है कि ट्रेन रुकने वाले मुख्य हिस्से ही इसके कवरेज में रहते हैं, जबकि आवाजाही के अन्य क्षेत्र इनकी जद से बाहर है। इसकी वजह से कई दफे छेडख़ानी या दूसरी घटना के बाद भी आरोपी बचकर निकल जाते हैं।


रोजाना फुटेज देखेंगे आरपीएफ  जवान

ऐसे हिस्सों में कैमरा लगने के बाद यहां डर की वजह भी खंगाली जाएगी। आरपीएफ  के जवान रोजाना फुटेज देखेंगे। फिर इन हिस्सों में असुरक्षा का माहौल बनाने वाले तत्वों, बेवजह के जमवाड़ों व संदिग्धों के को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इन चिन्हित हिस्सोंं पर नजर रखने अलग से जवानों की तैनाती भी की जाएगी।


जानिए कहां-कहां लागू होगी यह योजना

केंद्र सरकार ने निर्भया फंड से इस व्यवस्था के लिए रकम रेलवे को दी है, जिसमें नागपुर व बिलासपुर डिवीजन के सभी ए ग्रेड स्टेशनों में यह सर्वे व बाद कैमरा लगाने का कार्य होगा। सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य सितंबर तक पूरा होगा। इसकी मॉनिटरिंग स्टेशन के अन्य कैमरों के साथ न कर अलग से की जाएगी।


शहर के लिए कितनी जरुरी है यह व्यवस्था

शहर से बिलासपुर, कोरबा व रायपुर के लिए रोजाना सैकड़ों युवतियां सफर करती हैं।
इतनी ही संख्या शहर आने वाली महिला कर्मी व स्टूडेंट्स की होती है।
स्टेशन में लगे ज्यादातर सीसी कैमरे बंद पड़े हुए हैं या एंगल सही नहीं।
प्लेटफार्म से बाहर आते ही एक्जिट गेट तक रोज भीड़ जमी रहती है।
शाम होने के बावजूद इन भयप्रद हिस्सों में पुलिस जवानों की तैनाती नहीं रहती।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें