जांजगीर-चांपा. राज्य शासन ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों और जिला पंचायत के मुुख्य कार्यपालन अधिकारियों को परिपत्र के माध्यम से निर्देश जारी किया गया है। परिपत्र में कहा गया है कि सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2017 के रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय, सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाए। निजी संस्थानों से उनके भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं रात्रि में भवनों पर रोशनी करने की अपील की जाए। ध्वजारोहण समारोह सुबह 9 बजे से प्रारंभ किया जाए, ताकि इसके पूर्व नागरिक देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह का रेडियों, दूरदर्शन पर होने वाले प्रसारण को सुन और देख सकें। विभाग या कार्यालय प्रमुख द्वारा उनके कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकत्रित कर ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाए तथा ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान (जन-गण-मन) गाया जाएगा। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण के कार्यक्रम के आयोजन की कार्यवाही संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। परिपत्र में कहा गया है कि सभी शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा सांस्कृतिक, साहित्यिक, मनोरंजन के कार्यक्रम, खेलकूद, वृक्षारोपण आदि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। शिक्षण संस्थाओं द्वारा अपने क्षेत्र में प्रात: काल प्रभात फेरी का आयोजन किया जाए।
विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के बाद पुरस्कार, प्रमाण पत्र, मेडल आदि के वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) के उपयोग के अनुमति कलेक्टर द्वारा दी जाएगी। शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम सुबह 8 बजे के पूर्व संपन्न कर लिया जाए, ताकि उन कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी मुख्य समारोह में भाग ले सकें। जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाए एवं पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एसएएफ इत्यादि द्वारा परेड आयोजित की जाए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सूची जारी की जाएगी।
जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाए। ऐसी नगरपालिका, नगरपंचायत जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें नगरपालिका एवं नगरपंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाए। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच तथा बड़े गांव में गांव के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया जाए। 15 अगस्त के कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताते हुए उन्हें देश की एकता तथा अखण्डता के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाए। नक्सली हिंसा में शहीदों के परिवारजनों को सम्मान पूर्वक समारोह में आमंत्रित किया जाए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें