जांजगीर-चांपा. रात के अंधेरे में राहगीर का रास्ता रोककर नगदी रकम लूटने वाले चार आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। आरोपियों से लूट की रकम में से नकद 18 हजार रुपए एवं लूट में प्रयुक्त चोरी की बाइक को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ीशंकर निवासी पारेश्वर श्रीवास ने थाना चाम्पा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की रात करीब साढ़े दस बजे वे अपने पुत्र के साथ चांपा से पैसा लेकर गांव जा रहे थे। ग्राम हथनेवरा और सोंठी के बीच 4 लडक़ों ने गाड़ी में पेट्रोल खत्म होने की बात कहते हुए उन्हें रोका और उनके पास रखी नकदी रकम 51 हजार 200 रुपए लूट लिए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चाम्पा में अपराध क्रमांक 194/17 भादवि की धारा 392 दर्ज कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण के निराकरण के लिए क्राइम ब्रांच को भी निर्देशित किया गया था। क्राइम ब्रांच द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया एवं प्रार्थी पारेश्वर एवं उनके पुत्र से आरोपियों के संबंध में उनके हुलिये के बारे में जानकारी ली गई। प्रार्थी द्वारा आरोपियों के हुलिए के बारे में एवं घटना के समय उनको नीले रंग की बाइक में होना बताया गया, तब चाम्पा एवं आसपास के क्षेत्र में मुखबिर लगाकर आरोपियों के बारे में पतासाजी की गई। 5 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि चाम्पा के भोजपुर निवासी संदीप उर्फ संजू यादव का हुलिया लूट के आरोपियों से मिलता है और उसके पास नीले रंग की प्लेटिना बाइक भी है। मुखबिर से यह भी पता चला कि उसके 3-4 दोस्त भी हैं, जिनके साथ संजू का अक्सर घूमना-फिरना होता है और घटना दिनांक को रात में चारों दोस्त कोरबा रोड चाम्पा के एक ढ़ाबा में जमकर पार्टी किए हैं।
सूचना पर गंभीरता पूर्वक रूचि लेते हुए इस संबंध में क्राइम ब्रांच प्रभारी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा संजू यादव को पकडक़र पूछताछ की गई। पहले तो वह घटना से लगातार इंकार करता रहा, किंतु कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी संजू यादव ने बताया कि 29 जुलाई को रात्रि लगभग 10.30 बजे हथनेवरा और सोंठी के बीच में उसने अपने साथी फैजल और दो अपचारी बालक के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया और 51 हजार 200 को लूटकर फरार हो गए। रात्रि में कोरबा रोड चाम्पा स्थित एक ढ़ाबा में पार्टी मनाए और उसके बाद रुपए को बराबर-बराबर बांट लिए थे।
लूट में प्रयुक्त बाइक प्लेटिना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि करीब महीने भर पहले प्लेटिना बाइक को गेवरा बस्ती से संजू, फैजल और एक अपचारी बालक के साथ मिलकर चोरी की थी। आरोपी संदीप उर्फ संजू यादव की निशानदेही पर फैजल एवं अन्य दो अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया। लूट की रकम में से नकद 18 हजार रुपए एवं लूट में प्रयुक्त चोरी की बाइक बजाज प्लेटिना कीमती 35 हजार रुपए को जब्त किया गया है। क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि मामले में संदीप उर्फ संजू यादव पिता त्रिभुवन यादव साकिन मिशन हॉस्पिटल के पास भोजपुर चाम्पा, फैजल खान पिता चांद खान साकिन स्टेट बैंक आफ इंडिया के पास मेन रोड चाम्पा एवं 2 अपचारी बालक को भादवि की धारा 392 के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया, जिन्हें न्यायालय जेएमएफ सी के समक्ष पेश किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें