सोमवार, 19 फ़रवरी 2018

अब प्रवेश प्रक्रिया की अवधि कम करेगा Central School Organization, 31 July के बजाय इस वर्ष 30 April को ही समाप्त हो जाएगी प्रक्रिया

जांजगीर-चांपा. देश भर में केन्द्रीय विद्यालयों का संचालन करने वाला केन्द्रीय विद्यालय संगठन अपनी प्रवेश प्रक्रिया की अवधि कम करने जा रहा है। पिछले साल तक केन्द्रीय विद्यालयों में 31 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया चलती थी, जिसे इस साल 30 अप्रैल को ही समाप्त कर दिया जाएगा। 

केन्द्रीय विद्यालय संगठन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पहले जब विद्यालयों का नया सत्र एक जुलाई से शुरू होता था, तब प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई तक चलती थी। तभी से 31 जुलाई तक दाखिला लेने की परंपरा जारी है। अधिकारी ने बताया कि इस साल इसमें थोड़ा बदलाव किया गया है। अब प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से कम करके 30 अप्रैल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब विद्यालयों का नया सत्र एक अप्रैल से शुरू हो जाता है। ऐसे में 31 जुलाई तक दाखिला देने से विद्यार्थियों की कई महीने की पढ़ाई छूट जाती है, जिससे उन्हें समस्या का सामना करना पड़ता है। छात्रों की इसी परेशानी को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है। यह व्यवस्था 11वीं को छोडक़र सभी कक्षाओं के दाखिले पर लागू होगी।
 

पहली में मार्च के पहले हफ्ते से प्रवेश

सूत्रों के मुताबिक, पहली कक्षा में दाखिले के लिए मार्च के पहले हफ्ते में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। आवेदन की यह प्रक्रिया संभवत: दो मार्च से शुरू होगी। इसके लिए अभिभावकों को 15 दिन का समय दिया जाएगा। अभिभावक केन्द्रीय विद्यालय संगठन की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। अन्य कक्षाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होगी।
 

आवेदन फार्म को किया गया आसान

केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने इस साल पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन फार्म को आसान बनाया है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले वर्ष अभिभावकों से मिले फीडबैक के आधार पर फार्म में बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा इस वर्ष सॉफ्टवेयर और सर्वर को भी दुरूस्त किया गया है। पिछले वर्ष आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई बार वेबसाइट हैंग होने की समस्या सामने आई थी। इसी को देखते हुए सॉफ्टवेयर और सर्वर को अपडेट किया गया है। इसी परेशानी की वजह से ही पिछले साल अभिभावकों को आवेदन के लिए तीन दिन का अतिरिक्त समय दिया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें