चांपा. सट्टा खेलने और शराब पीने से मना करने पर पत्नी को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे धकेलने वाले नगरपालिका चांपा के भाजपा समर्थित पार्षद के भाई को आखिरकार चांपा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। बीते रविवार को चांपा थाने में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
चांपा पुलिस के अनुसार, नगर के पोस्ट आफिस रोड थाना पारा निवासी हेमलता देवांगन (25) की शादी वर्ष 2014 में विनोद कुमार देवांगन (31) पिता कुंजीलाल देवांगन के साथ हुई थी। विनोद कुमार देवांगन उसी वार्ड के भाजपा समर्थित पार्षद का भाई है। वहीं इस दंपति का एक ढाई साल का पुत्र युवराज है। हेमलता द्वारा सट्टा खेलने तथा शराब पीने से मना करने पर विनोद देवांगन उसके साथ मारपीट करता था। बीते चार फरवरी की रात करीब एक बजे विनोद देवांगन शराब पीकर घर पहुंचा, तब उसकी पत्नी हेमलता ने उससे सवाल-जवाब किया। इससे विनोद भडक़ गया और उत्तेजित होकर उसने पत्नी का हाथ पकडक़र उसे मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिरा दिया, जिससमे हेमलता को गंभीर चोंटे आई हैं। घायल हेमलता की रिपोर्ट पर भादवि की धारा 307 के तहत अपराध कायम कर विवेचना किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक नीथू कमल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा से मार्गदर्शन लेकर चांपा एसडीओपी उद्यन बेहार के निर्देश पर आरोपी विनोद कुमार देवांगन को मुखबिर की सूचना के आधार पर बरपाली चौक चांपा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने से 20 फरवरी को उसे विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें