राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा. पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक नीथू कमल के नेतृत्व में 20 फरवरी को जिला पुलिस के तत्वाधान महिला सशक्तिकरण के महती उद्देश्य को साकार करते हुए रक्षा टीम एवं महिला कमाण्डो दलों का गठन एवं शुभारंभ किया गया। जांजगीर के रक्षित केन्द्र परिसर में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला उत्थान एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पद्मश्री शमशाद बेगम उपस्थित थीं। उनके साथ बालोद जिले की महिला कमाण्डो दल भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि बतौर जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत एवं अपर कलेक्टर डीके सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बलोद जिले के सहयोगी सहायता समिति के रफीक खान विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल्यचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद जिले में गठित रक्षा टीम के मोनो एवं पोस्टर का विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत रक्षा टीम की कैप पहनाकर एवं रक्षा टीम का बैच लगाकर स्टाफ एवं उपस्थित महिला कमाण्डो दल द्वारा किया गया। मीडिया की ओर से उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार उपेन्द्र तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नीथू कमल ने अपने स्वागत उद्बोधन में रक्षा टीम के शुभारंभ एवं महिला कमाण्डो दल के गठन के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला एवं महिला कमाण्डो से नारी सशक्तिकरण, अपराध नियंत्रण, नशामुक्ति आदि में पुलिस के साथ समन्वय एवं सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रफीक खान ने महिला कमाण्डो दल के गठन व इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 में जिला बालोद में प्रथम महिला कमाण्डो दल का गठन किया गया था, तब से अब तक लगभग 40 हजार महिला कमाण्डो से राज्य के विभिन्न जिलों में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण एवं कार्य किया जा रहा है। बालोद से आई वरिष्ठ महिला कमाण्डो चंपा देवी निर्मलकर ने अपने उद्बोधन में महिला कमाण्डो के गठन के बाद ग्राम में आए सकारात्मक परिवर्तन के संबंध में अपने अनुभव सांझा किए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में जिला पुलिस के द्वारा आयोजित इस शानदार कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित महिला कमाण्डो को विधि से संबंधित प्रावधानों के संबंध में बारीकी से अवगत कराया।
जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत ने जांजगीर-चांपा पुलिस के इस प्रयास का अभिनव पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की। वहीं शमशाद बेगम ने महिला कमाण्डो को उनके कार्यों के संबंध में जानकारी देकर प्रशिक्षित किया। रक्षा टीम जांजगीर में दुर्ग से प्रशिक्षित महिला प्रधान आरक्षक प्रतिभा राठौर, आरक्षक सीमा फर्रे, आरक्षक रोशनी केरकेट्टा द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी महिला कमाण्डो को रक्षा टीम की कैप, सीटी, टार्च एवं बैच स्मृति चिन्ह के रूप में वितरित कए गए। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं समुदाय का धन्यवाद ज्ञापन प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथि, महिला कमाण्डो दल, रक्षा टीम तथा उपस्थित मीडिया द्वारा सामूहिक भोज किया गया। जिले में गठित रक्षा टीम एवं महिला कमाण्डो दल का आगामी दिनों में अभियान के रूप में थानेवार प्रचार-प्रसार करते हुए सहयोग लिया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें