शनिवार, 22 जुलाई 2017

छजकां नेता इब्राहिम समेत छह लोग जेल दाखिल, नहीं मिल पाई जमानत, स्वास्थ्य मंत्री को काला झण्डा दिखाकर जताया था विरोध

चांपा. नगर में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर को काला झण्डा दिखाकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करना जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री मो. इब्राहिम मेमन सहित छह लोगों को महंगा पड़ गया। चांपा पुलिस ने शुक्रवार की शाम को मंत्री के समक्ष विरोध-प्रदर्शन करने वाले इन लोगों समेत करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। बाद में छह लोगों को छोडक़र शेष लोगों को जमानत दे दी गई, लेकिन आंदोलन की अगुवाई कर रहे प्रदेश महामंत्री व छह लोगों को कार्यपालिक दंडाधिकारी ने जमानत नहीं दी।

चांपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर शुक्रवार की शाम चांपा में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री मो. इब्राहिम मेमन की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को काले झण्डे दिखाकर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान मौके पर मौजूद चांपा पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री मो. इब्राहिम मेमन समेत करीब 25 लोगों को धारा 151, 107, 116 के तहत गिरफ्तार किया था। सभी लोगों को थाने लाकर रखा गया था। देर रात 19 लोगों को जमानत मिल गई। वहीं आंदोलन की अगुवाई कर रहे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महामंत्री चांपा निवासी मो. इब्राहिम मेमन पिता युसूफ मेमन, कोटाडबरी निवासी सतोष अनंत पिता पुरूषोत्तम अनंत, ग्राम सिवनी निवासी किरण सारथी पिता मनराखन सारथी, ग्राम सिवनी निवासी राजेश पिता उदयराम दुबे, कोटाडबरी निवासी परदेशी पिता जगन्नाथ कुर्रे तथा ग्राम पिसौद निवासी अरूण पिता आत्माराम साहू की जमानत अर्जी कार्यपालिक दंडाधिकारी ने खारिज कर दी। इसके बाद इन छहों आरोपियों को जिला जेल भेज दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें