बुधवार, 2 अगस्त 2017

अब हर बोतल पर होगा कोड, आटोमेटिक निकलेगी रसीद, शराब खरीदने वालों को रसीद देने जल्द लागू होगी नई व्यवस्था

जांजगीर-चांपा. शराब की कीमतों में मनमानी पर जल्द ही ब्रेक लगने वाली है। दुकानों में शराब खरीदने वालों को रसीद देने वाली नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए आबकारी विभाग को जल्द ही बार कोडिंग मशीन मिलने वाली है। बताया जा रहा है कि हर बोतल पर बार कोड होगा, जिसे ट्रेस करने के बाद आटोमेटिक रसीद निकलेगी। 

जिले में शराब दुकानों का संचालन शासकीय नियंत्रण पर किया जा रहा है। कई दुकानों में रेट को लेकर अक्सर शिकायतें आती रहती है। हालांकि प्रशासन प्रिंट रेट पर ही शराब बिक्री का दावा करता रहा है, लेकिन दुकान के कर्मचारी मनमानी कर ही रहे हैं। बार कोडिंग मशीन आने के बाद इस तरह की शिकायतें दूर होने की उम्मीद की जा रही है। शापिंग मॉल्स में जिस तरह किसी भी तरह के सामान खरीदने पर बिलिंग की जाती है, ठीक उसी तरह शराब दुकानों में भी सिस्टम बिठाया जाएगा। शराब की हर बोतल पर बार कोड रहेगा। कोडिंग मशीन से उस कोड को ट्रेस किया जाएगा। यह मशीन कंप्यूटर से कनेक्ट रहेगी और आबकारी की वेबसाइट से जुड़ी होने के कारण आनलाइन भी रहेगी। कोड के ट्रेस होने के बाद ट्रिगर दबाते ही आटोमेटिक रसीद प्रिंट होकर निकल जाएगी। ग्राहकों को वह रसीद तुरंत दे दी जाएगी। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शासन की यह व्यवस्था जुलाई से ही शुरू हो जानी थी, लेकिन मशीनों की कमी के कारण इसमें देर हो गई।
 

रेगुलर अपडेट कर सकेंगे रेट

बताया जा रहा है कि बार कोडिंग मशीन का कनेक्शन सीधे आनलाइन रहेगा। शराब की कीमत कम-ज्यादा होने पर उसे आसानी से अपडेट किया जा सकेगा। यानी अगर पुरानी रेट वाली शराब होने के बाद भी आनलाइन सिस्टम होने के कारण ग्राहकों को नई दर पर ही मिला करेगी। इस तरह दर को लेकर किसी तरह की असमंजस ग्राहकों में नहीं रहेगी। बताया गया कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत रायपुर में कुछ दुकानों में की जा चुकी है। यहां के लिए भी इसी माह के मध्य तक मशीनें आ सकती है। उसके बाद ग्राहकों को शराब के साथ रसीद भी दी जाने लगेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें