बुधवार, 2 अगस्त 2017

‘कभी अलविदा ना कहना’ शहर में चार अगस्त को, सुरों के सरताज स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस पर संगीतमय आयोजन

जांजगीर-चांपा. दर्द भरे नगमों, सुमधुर गीतों और हास्य अभिनय से लोगों के दिलों में बरसों से राज करने वाले सुरों के सरताज सुप्रसिद्ध गायक स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस पर ‘कभी अलविदा ना कहना’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जाज्वल्यदेव नगर विकास एवं जनजागरण समिति के तत्वाधान में अग्रेसन भवन नैला-जांजगीर में 4 अगस्त को रायपुर के आर्केस्ट्रा के कलाकार संगीतमय प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 7 से 10 बजे तक होगा। शहर के गणमान्य नागरिक इस सुरमयी शाम का आनन्द ले सकेंगे।

आयोजकों ने बताया कि 4 अगस्त 1929 को मध्यप्रदेश के खंडवा शहर में जन्मे आभाष कुमार गांगुली को फिल्मी दुनिया में किशोर कुमार के नाम से पहचान मिली। उनके मस्तमौला अंदाज के दीवाने देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी हैं। गीतों को अलग अंदाज देने वाले किशोर दा सिर्फ  गायक ही नहीं, बल्कि गीतकार, संगीतकार, अभिनेता और निर्देशक भी थे। उनके जन्मदिवस और पुण्यतिथि पर प्रशंसक और चाहने वाले गीत-संगीत के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। 

जिले में संभवत: यह पहला आयोजन होगा, जिसमें स्व. किशोर कुमार के गीतों पर सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय है कि देश के चुनिन्दा सुप्रसिद्ध गायकों में शुमार किशोर दा हमारे ही प्रदेश (अविभाजित मध्यप्रदेश) में जन्म लिए। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जाज्वल्य देव नगर विकास समिति के सदस्य पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं, ताकि नगरवासियों को किशोर कुमार के सुमधुर गीता का आनंद मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें