बुधवार, 2 अगस्त 2017

अफसरों की लापरवाही से सैकड़ों विद्यार्थी हुए परेशान, जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दिन भर बैठना पड़ा भूखे-प्यासे

डभरा. जाति प्रमाण पत्र बनवाने के चक्कर में क्षेत्र के करीब 20 गांवों के स्कूली बच्चों को बुधवार को पूरे दिन भूखे-प्यासे बैठना पड़ गया। बच्चे दिन भर परेशान होते रहे, लेकिन उनकी सुध अफसरों ने नहीं ली।

जानकारी के अनुसार, डभरा विकासखंड क्षेत्र के दो संकुल के अंतर्गत विद्यालयों में अध्ययनरत सैकड़ों बच्चों को लेकर उनके पालक और शिक्षक बुधवार को सुबह चन्द्रपुर के हाईस्कूल में जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहुंचे थे। सभी बच्चे धूप में दिनभर खड़े रहे, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई भी दूर-दूर तक दिखाई नहीं दिया। इस वजह से बच्चों को पूरे दिन भूखे-प्यासे रहकर परेशान होना पड़ा। विद्यार्थियों के साथ पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि क्या बच्चों को जाति प्रमाण पत्र के लिए ऐसा परेशान होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जहां शिविर लगाया गया था वहां डभरा ब्लॉक का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी एक मिनट के लिए भी नहीं पहुंचा। अभिभावकों का कहना था कि जब शिविर लगाना ही था तो बच्चों और पालकों को सही जानकारी दिया जाना था। साथ ही शिविर में किसी जिम्मेदार अधिकारी को उपस्थित रहना था। बहरहाल, जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते सैकड़ों बच्चों को पूरे दिन भूखे-प्यासे रहना पड़ा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें