महिला दिवस पर जिला न्यायालय में हुआ कार्यक्रम

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर जिला मुख्यालय में पदस्थ महिला न्यायिक अधिकारियों एवं महिला न्यायिक कर्मचारियों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्राधिकरण की सचिव विभा पाण्डेय ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संघरत्ना भतपहरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा जायसवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव विभा पाण्डेय के साथ-साथ जिला मुख्यालय में पदस्थ समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी महिला न्यायिक कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए न्यायिक कर्मचारी संघ की पदाधिकारी कल्पना सिन्हा ने जिला न्यायाधीश को आभार व्यक्त करते हुए इसे अविस्मरणीय कार्यक्रम बताया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संघरत्ना भतपहरी ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि हमारी सोच सकारात्मक रहे, तभी हम यह बता सकते हैं कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरूषों से कम नहीं होती हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा जायसवाल ने महिलाओं के सम्मान में आयोजित किए गए इस कार्यक्रम के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया और जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता एवं विधिक चेतना के क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर न्याय के क्षेत्र में सहायक का कार्य करने वाले विशेषकर महिला कर्मचारी जो पारिवारिक, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए कठिन परिश्रम कर न्यायालयों के सुचारू संचालन में अपना लिपिकीय सहयोग प्रदान करने में विशिष्ट योगदान कर रहे हैं, उनकी प्रशंसा की। प्राधिकरण की सचिव पाण्डेय द्वारा सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन की आवश्यकता, महिलाओं के सशक्तीकरण विषयों पर संबोधित भी किया गया एवं कार्यक्रम में उपस्थित समस्त न्यायाधीश एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। सम्मान समारोह में समस्त न्यायाधीश, तृतीय वर्ग न्यायिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारी सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें