जांजगीर-चाम्पा. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के दो दिवसीय जिला प्रवास का कांग्रेसियों ने स्थानीय नेताजी चौक से रैली निकालकर जमकर विरोध किया। इस दौरान उपस्थित 50 कांग्रेसियों को पुलिस गिरफ्तार कर खोखरा जेल ले गई, जहां मुचलका पर उन्हें दो घंटे बिठाकर रिहा कर दिया गया। इससे पूर्व नेताजी चौक से जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक द्वय मोतीलाल देवांगन व चुन्नीलाल साहू सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोककर गिरफ्तार कर लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोक सुराज अभियान प्रदेश की भाजपा सरकार चला रही है, लेकिन इस अभियान में भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गांव-गांव जाकर अभियान की आड़ में पिकनिक मना रहे हैं। उनका जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, इसलिए इस अभियान का नाम भाजपा पिकनिक अभियान कर देना चाहिए। पिछले वर्ष भी इस अभियान के माध्यम से जनता की समस्याओं से संबंधित आवेदन मंगाए गए थे, लेकिन अधिकांश आवेदन को रद्दी की टोकरी में फेंक दिए गए। धरातल में कोई समस्या का समाधान शासन द्वारा नहीं किया गया। इस दौरान गिरफ्तार हुए कांग्रेसियों में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदकिशोर हरवंश, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, रमेश पैगवार, रफीक सिद्दीकी, विवेक सिंह सिसोदिया, आभाष बोस, हेमलता राठौर, प्रिंस शर्मा, भगवानदास गढ़ेवाल, रामराज्य पाण्डेय, संजय अग्रवाल, ऋषिकेश उपाध्याय, ऋषि शर्मा सहित अन्य का नाम शामिल है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें