जिपं सदस्य ने किरीत के हायर सेकेण्डरी स्कूल में किया साइकिल वितरण
जांजगीर-चांपा. शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरीत में अध्ययनरत् गांव सहित आसपास के गांवों की बेटियों को स्कूल आने-जाने में अब परेशानियों का सामना करना नहीं पड़ेगा, क्योंकि उन्हें रमन मामा की साइकिलें मिल गई हैं। क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप ने बुधवार को छात्राओं को सरस्वती योजना के अंतर्गत नि:शुल्क साइकिल का वितरण किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत किरीत में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में अध्ययनरत् छात्राओं को क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप ने योजना की साइकिलों का वितरण किया। इस दौरान जिपं सदस्य कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा के प्रति गंभीर है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में सरस्वती साइकिल योजना संचालित की जा रही है, ताकि कक्षा नवमीं से बारहवीं की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में असुविधा का सामना करना न पड़े। उन्होंने कहा कि साइकिल के अभाव में बालिकाओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती थी, लेकिन साइकिल मिलने से अब क्षेत्र की बालिकाएं आगे की शिक्षा को जारी रख सकेंगी। जिपं सदस्य कश्यप ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि वर्तमान दौर में बालिकाओं का शिक्षित होना अत्यंत जरूरी है। बालिकाएं शिक्षित होंगी तो वे समाज में प्राप्त अपने अधिकारों को आसानी से प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम को स्कूल के प्राचार्य सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। सरस्वती योजना की साइकिलें मिलने से बेटियों के चेहरे खिल उठे। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रमन सरकार कई योजनाएं चला रही हैं, इन्हीं में से एक सरस्वती साइकिल योजना है, जिसका लाभ सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करने वाली बेटियों को दिया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें